मतांतरण को लेकर गाजी मियां की मजार पर तोड़फोड़, कौशांबी में बड़ी घटना से गांव में तनाव; पुलिस फोर्स तैनात
कौशांबी के शहजादपुर गांव में गाजी मियां की मजार पर मतांतरण के आरोप में हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा और तोड़फोड़ की। इससे गांव में तनाव फैल गया, जिसके ब ...और पढ़ें

कौशांबी में सिराथू तहसील के शहजातपुर गांव स्थित इसी मजार पर तोड़फोड़ हुई। जागरण
HighLights
मतांतरण कराने का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठनों ने किया हंगामा
सिराथू तहसील के शहजादपुर का मामला, अधिकारियों ने संभाला मामला
पुलिस बल तैनात, मामले की गहन जांच जारी।
संसू, जागरण, टेढ़ीमोड़ (कौशांबी)। सिराथू तहसील क्षेत्र के शहजादपुर गांव स्थित मजार पर गुरुवार को मतांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा किया। आरोप है कि मजार पर तोड़फोड़ की गई। इससे दूसरा पक्ष भी आक्रोशित हो गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, एसडीएम योगेश कुमार गौड़ व सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी ने फोर्स के साथ स्थिति को काबू में किया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बवाल की आशंका से गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
दोनों वर्ग के लोग लामबंद
कोखराज थाना क्षेत्र में शहजादपुर गांव आता है। यहां सैयद सालार गाजी मियां की मजार है। आरोप है कि गुरुवार दोपहर बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ता मजार पर पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे। वहां मौजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों से मारपीट का भी आरोप है। घटना को लेकर दोनों वर्ग के लोग लामबंद होने लगे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने टूटी मजार को श्रमिकों से ठीक कराया।

चार पुलिस हिरासत में, पूछताछ के बाद छोड़ा
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, एसडीएम योगेश कुमार गौड़, क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र तिवारी, कोखराज इंस्पेक्टर संतोष शर्मा राजस्व टीम व भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अफसरों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने मुस्लिम समुदाय के चार लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
थाने पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
बजरंग दल कार्यकर्ता कोखराज थाने पहुंचे व प्रदर्शन करते हुए मतांतरण कराने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। थोड़ी देर बाद बजरंग दल के जिला संयोजक धीरेंद्र सिंह ने वीडियो जारी कर दावा किया कि उनकी टीम को पिछले छह माह से गुरुवार के दिन मजार पर कथित लव जिहाद और मतांतरण जैसी गतिविधियां होने की सूचना मिल रही थी। इसी के मद्देनजर कारसेवा की गई है।
खबरें और भी
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
वहीं, चंदन कुमार नाम के एक व्यक्ति की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई। उसका कहना है कि छह महीने से वह एक समस्या से परेशान है। मजार आने पर उसे कलमा पढ़वाया गया। उस पर मतांतरण का दबाव भी बनाया गया। तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मतांतरण का आरोप लगाते हुए बजरंग दल के लोगों ने गुस्से का इजहार किया था। तोड़फोड़ या तनाव जैसी कोई विशेष बात नहीं है। पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके तहत आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।
- सत्येंद्र तिवारी, डीएसपी सिराथू।