कौशांबी में दर्दनाक हादसा : डंपर ने बाइक सवार महिला और मासूम बेटी को रौंदा, दोनों की मौत; भाई-बेटा घायल
कौशांबी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर ने बाइक सवार मां और उसकी मासूम बेटी को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में महिल ...और पढ़ें

कौशांबी के सराय अकिल में सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत के बाद बिलखते स्वजन व जुटी भीड़। जागरण
HighLights
बाइक से भाई के साथ अस्पताल से लौट रही थी महिला
सराय अकिल के फकीराबाद चौराहा पर हुई दुर्घटना
संसू, जागरण, सराय अकील (कौशांबी)। जिले में दर्दनाक हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। सराय अकिल थाना क्षेत्र के फकीराबाद चौराहे के निकट डंपर ने बाइक सवार मां और उसकी मासूम बेटी को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा महिला का भाई व उसका मासूम पुत्र घायल हो गए।
चरवा थाना क्षेत्र के लोही सुकवारी निवासी 24 वर्षीय वंदना त्रिपाठी की शादी प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के शुक्लान का पूरा में हुई थी। इन दिनों वह मायके आई हुई थी। वंदना की भाभी ने सराय अकिल के संजीवनी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया है। सोमवार को वंदना अपनी दो वर्ष की बेटी गौरांगी और भाई विकास व उसके मासूम बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर भाभी से मिलने अस्पताल गई थी।
वापस लौटते समय सराय अकिल के फकीराबाद चौराहे के निकट तेज रप्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मारी। हादसे में वंदना और उसकी बेटी गौरांगी डंपर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं बाइक चला रहा भाई विकास और उसका तीन वर्षीय बेटा टक्कर लगने के बाद दूर जाकर गिरने से घायल हो गए। उसे मामूली चोट आई है।
हादसे के बाद जब तक आसपास के लोग वहां पहुंचते, डंपर छोड़कर चालक फरार हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल वंदना और गौरांगी को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले गई। वहां दोनों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने मां-बेटी को मृत बताया। जानकारी होने पर उनके परिवार शोकाकुल हो गया।
खबरें और भी
उधर घायल विकास और उसके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने डंपर वाहन को कब्जे में ले लिया, वहीं फरार चालक की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- शस्त्र लाइसेंस दुरुपयोग मामले में सांसद अफजाल अंसारी को इलाहाबाद HC से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
यह भी पढ़ें- डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने खोली खिड़की...उखड़कर हाथ में आ गया उसमें लगा दरवाजा, अधिकारियों को फूले हाथ-पांव