Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पेट्रोल-डीजल महंगा होने से कौशांबी में बढ़ी ई-बाइकों की मांग, 10% बिक्री में उछाल

    Updated: Mon, 25 May 2026 06:47 PM (IST)

    कौशांबी में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण इलेक्ट्रिक बाइकों की बिक्री में करीब 10% की बढ़ोतरी हुई है। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, कौशांबी। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब जिले के आटोमोबाइल बाजार में साफ नजर आने लगा है। लोगों का रुझान तेजी से इलेक्ट्रिक बाइकों की ओर बढ़ा है।

    हालात यह हैं कि बीते कुछ दिनों में जिले में ई-बाइकों की बिक्री में करीब 10 फीसद तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 12 दिनों में चार बार बढ़े डीजल व पेट्रोल की कीमतों से वाहन स्वामियों का रुझान इलेक्ट्रिक बाइकों की तरफ बढ़ गया है।

    एजेंसी संचालकों का कहना है कि रोजाना बढ़ रहे ईंधन खर्च से परेशान लोग अब ऐसे विकल्प तलाश रहे हैं, जिनसे जेब पर बोझ कम पड़े। इलेक्ट्रिक बाइक इस जरूरत को पूरा करती नजर आ रही है। खासकर युवा वर्ग, नौकरीपेशा और डिलीवरी कार्य से जुड़े कर्मचारी बड़ी संख्या में ई-बाइक खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं।

    इलेक्ट्रिक बाइकों के कारोबारियों का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की सबसे बड़ी खासियत कम खर्च में ज्यादा दूरी तय करना है। एक बार चार्ज करने पर ई-बाइक लंबी दूरी तय कर रही हैं और पेट्रोल के मुकाबले खर्च भी काफी कम पड़ता है।

    इसके अलावा घर पर आसान चार्जिंग सुविधा और सरकार की ओर से मिल रही योजनाओं का लाभ भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। दूसरी ओर पेट्रोल पंपों पर पहुंचे वाहन चालकों ने बढ़ती कीमतों को आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।

    खबरें और भी

    लोगों का कहना है इधर आए दिन ईंधन की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी से घरेलू बजट बिगड़ रहा है। ऐसे में इलेक्ट्रिक वाहन अब मजबूरी के साथ-साथ जरूरत भी बनते जा रहे हैं। यदि पेट्रोल-डीजल के दामों में इसी तरह लगातार इजाफा होता रहा तो आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार और तेजी से विस्तार करेगा।

    पहले जहां ग्राहक पेट्रोल बाइक को प्राथमिकता देते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक माडल की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। साथ ही पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने लोगों की सोच बदल दी है। ग्राहक अब ऐसे वाहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनमें रोजाना का खर्च कम हो। पहले जहां ई-बाइक एक माह में 10 बिक रही थी अब बढ़कर 15 हो गई है।

    -पंकज तिवारी, ई-बाइक कारोबारी

     

    ई-बाइकों की खरीदारी में खासकर नौकरीपेशा, युवा और डिलीवरी कार्य से जुड़े लोगों में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। इलेक्ट्रिक बाइक की सबसे बड़ी विशेषता कम खर्च और आसान मेंटिनेंस है। एक बार चार्ज करने पर अच्छी दूरी तय हो जाती है, जिससे मासिक खर्च में काफी बचत होती है। साथ ही पेट्रोल का झंझट भी खत्म।

    -उमंग कुशवाहा, ई-बाइक कारोबारी

    12 दिन में पेट्रोल 6.25 और डीजल 6.49 रुपये महंगा

    जिले में 12 दिनों में चार बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए, जिससे वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। सोमवार को एक बार फिर पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया गया। इसके बाद जिले में पेट्रोल की कीमत 102.27 रुपये और डीजल 95.76 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

    इससे पहले 14 मई को डीजल के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल में 2.91 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 18 मई को दोनों ईंधनों के दाम में 87-87 पैसे प्रति लीटर और 22 मई को डीजल 91 पैसे व पेट्रोल 86 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था।

    ईंधन महंगा, सफर महंगा, अब आम आदमी का जीना भी महंगा: सांसद

    पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। इंटरनेट मीडिया पर जारी एक पोस्ट में सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं रह गया है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है। सांसद ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से आम आदमी की कमर टूट गई है। ईंधन महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री, सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है।

    उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई की दोहरी मार झेल रही है, लेकिन राहत के नाम पर सिर्फ बयानबाजी हो रही है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि “ईंधन महंगा, सफर महंगा, अब आम आदमी का जीना भी महंगा।”

    सांसद के इस बयान के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी तेजी से सामने आने लगी हैं। कई लोगों ने बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई, जबकि समर्थकों ने सरकार से पेट्रोल-डीजल के दामों में राहत देने की मांग की है।