विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी: 57 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को मिली फरार कहकसा की लोकेशन, जल्द हो सकती है गिरफ्तारी

Published: Thu, 03 Sep 2026 06:06 AM (IST)

कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद फरार चल रही मुख्य आरोपी नौशाद की पत्नी कहकसा की लोकेशन पुलिस ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. फरार कहकसा की लोकेशन 57 घंटे बाद मिली।

  2. अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में 14 मौतें हुईं।

  3. कड़ाधाम से 218 किलो पटाखे बरामद किए गए।

जागरण संवाददाता, कौशांबी। अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद से फरार चल रही संचालक नौशाद की पत्नी कहकसा ने पुलिस को खूब छकाया। उसकी तलाश में जिले के साथ ही प्रयागराज, प्रतापगढ़, फतेहपुर और रायबरेली में पुलिस की टीमें लगातार दबिश देती रहीं। करीब 57 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को कहकसा की लोकेशन मिल गई है। अब उसके जल्द गिरफ्त में आने की उम्मीद जताई जा रही है।

चिल्ला शहबाजी में सोमवार को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट ने आसपास के इलाके को दहला दिया था। धमाके की चपेट में पड़ोसी धारा केसरवानी का कारखाना समेत छह घर जमींदोज हो गए। हादसे में अब तक 14 बेकसूर लोगों की जान जा चुकी है। मामले में पीड़ित गया प्रसाद साहू की तहरीर पर पुलिस ने फैक्ट्री संचालक नौशाद, उसकी पत्नी कहकसा, बेटे आदिल, भाई शकील, शकील की पत्नी शबाना और बेटी साइना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने मंगलवार को शबाना और उसकी बेटी साइमा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि नौशाद को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया गया। कहकसा समेत अन्य आरोपित अभी फरार हैं। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित करने के साथ ही फरार आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस ने तकनीकी संसाधनों, मोबाइल लोकेशन और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास शुरू किया। इसी क्रम में पांच जिलों में लगातार दबिश दी गई। 57 घंटे बाद कहकसा की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस का दावा है कि वह जल्द गिरफ्त में होगी।

बारूद के ढेर पर बसा चिल्ला शहबाजी, अब ग्रामीण तोड़ रहे चुप्पी
जासं, कौशांबी : चिल्ला शहबाजी में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद भी बारूद का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। हादसे में 14 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने गांव में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

फैक्ट्री संचालक नौशाद के तीन गोदामों से भारी मात्रा में बने और अर्द्धनिर्मित पटाखे बरामद कर नष्ट कराए गए। गोदामों को भी ध्वस्त करा दिया गया। इसके बावजूद गांव के कई घरों में पटाखों का भंडारण होने की बात सामने आ रही है। बुधवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस टीम गांव में पहुंची तो एक ग्रामीण ने सूने पड़े मकान में पटाखे रखे होने की सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा था। खिड़की से अंदर झांककर देखा गया तो दो बड़ी बोरियों में पटाखे भरे मिले। पुलिस ने मकान का ताला तुड़वाकर अंदर रखे पटाखों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद गांव में चर्चा तेज हो गई कि अभी भी कई घरों में पटाखों की खेप छिपाकर रखी गई है। हादसे के बाद ग्रामीणों के बीच अब बारूद के इस कारोबार को लेकर चुप्पी टूटने लगी है। पुलिस भी सूचनाओं के आधार पर लगातार जांच-पड़ताल कर रही है।

कड़ाधाम में भी मिला 218 किलो पटाखों का जखीरा
चिल्ला शहबाजी में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद जिलेभर में चल रहे अभियान के बीच कड़ाधाम क्षेत्र में भी पटाखों का बड़ा जखीरा मिला है। बुधवार को पुलिस ने देवीगंज बाजार में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर 218 किलो पटाखे बरामद किए। मौके से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी महेश सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि देवीगंज बाजार स्थित रोशन अंसारी के गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे डंप किए गए हैं।

इस पर पुलिस टीम ने गोदाम में छापा मारा। तलाशी के दौरान छह बोरियों और तीन कागज के गत्तों में पटाखे भरे मिले। पुलिस ने कुल 218 किलो पटाखा बरामद किया। मौके से लाल मोहम्मद पुत्र स्वर्गीय अब्दुल गनी को गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि रोशन अंसारी, लाल मोहम्मद और उसका बेटा मिलकर पटाखे व बारूद का भंडारण करते हैं। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। कुछ महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। - शिवांक सिंह, डीएसपी चायल।

यह भी पढ़ें- कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में मौतों का आंकड़ा 14 पहुंचा, अस्पताल में 16 साल की उर्वशी ने तोड़ा दम