Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    साहब...मैंने जहर खा लिया, आकर बचा लीजिए; UP-112 को फोन कर दी सूचना लेकिन अस्पताल ले जाने पर भी नहीं बची जान

    By Gurudeep Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Fri, 31 Jul 2026 08:52 PM (IST)

    कौशांबी में पिता से लेनदेन के विवाद में एक युवक ने जहर खा लिया और खुद ही यूपी-112 को फोन कर मदद मांगी। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, लेकिन इलाज के दौरान उस ...और पढ़ें

    कौशांबी के पश्चिमशरीरा इलाका निवासी सोनू सिंह की फाइल फोटो।

    कौशांबी के पश्चिमशरीरा इलाका निवासी सोनू सिंह की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. पिता से विवाद के बाद युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, फेसबुक पर बयां की थी आपबीती

    2. कौशांबी जनपद के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा का रहने वाला था मृतक सोनू सिंह

    जागरण संवाददाता, कौशांबी। पिता से लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी। शरीर में जहर फैलने पर उसे बेचैनी हुई तो उसने खुद ही यूपी-112 को फोन करके सूचना दी थी। पुलिस उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाई, चिकित्सकों ने मृत बताया। युवक ने कुछ दिन पहले फेसबुक पर लाइव वीडियो शेयर कर स्वजन से क्षुब्ध होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही थी।

    पूरब पश्चिम शरीरा के मसुरियादीन नगर निवासी था

    नगर पंचायत पूरब पश्चिम शरीरा के मसुरियादीन नगर निवासी 40 वर्षीय सोनू सिंह पुत्र उमेश सिंह ने 30 जुलाई की शाम को जहर खा लिया। कुछ देर बात उसकी हालत बिगड़ने लगी तो उसने खुद ही यूपी-112 को फोन करके घटना की जानकारी दी और बचा लेने की गुहार लगाई। सूचना के बाद थाना प्रभारी पश्चिम शरीरा बीएन तिवारी मौके पर पहुंचे व उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। यहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया।

    किसलिए पिता से था विवाद?

    सोनू अविवाहित था। वह माता-पिता का एकलौता बेटा था। इन दिनों उमेश पत्नी संग बेटी की ससुराल में रह रहे हैं। चर्चा रही कि पिछले दिनों उमेश ने अपना घर बेच दिया था। इसे लेकर सोनू नाराज रहता था। वह घर बेचे जाने के एवज में अपने हिस्से का पैसा मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसकी पिता से अनबन थी। पड़ोसियों में चर्चा रही कि सोनू ने पिछले दिनों एक वीडियो भी इसी नाराजगी को लेकर फेसबुक में शेयर किया था। हालांकि, दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता है।

    आग लगाकर आत्महत्या का कर चुका था प्रयास  

    पड़ोसियों ने बताया कि एक बार सोनू ने खुद को आग के हवाले कर जान देने का प्रयास किया था। किस्मत से वह बच गया था। मृतक के पिता उमेश ने बताया कि बेटे की मानसिक हालत ठीक नहीं रहती थी। इसी को लेकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी का कहना है कि पिता-पुत्र में विवाद की बात पता चली है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

    खबरें और भी