विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अगस्त माह में सरकारी राशन से वंचित परिवारों को राहत, खाद्य विभाग ने बढ़ाई अंतिम तिथि

Published: Wed, 19 Aug 2026 02:29 PM (IST)

कांवड़ यात्रा के कारण कौशांबी में अगस्त माह के राशन वितरण में बाधा आई थी, जिससे कई कार्डधारक वंचित रह गए थे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

जागरण संवाददाता कौशांबी। कांवड़ यात्रा के चलते अगस्त माह के सरकारी राशन का उठान और वितरण प्रभावित होने से जिले के तमाम कार्डधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निर्धारित अवधि में राशन न मिलने से पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को खाली हाथ लौटना पड़ा।

अब खाद्य एवं रसद विभाग ने ऐसे लाभार्थियों को राहत देते हुए राशन वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 अगस्त कर दी है। इससे वितरण से वंचित रह गए परिवारों को राशन लेने का एक और मौका मिल गया है।

अगस्त माह में पात्र कार्डधारकों को पांच से 18 अगस्त तक गेहूं और चावल का निश्शुल्क वितरण किया जाना था। विभाग का कहना है कि तीन से 11 अगस्त तक कांवड़ यात्रा के कारण कई क्षेत्रों में खाद्यान्न का उठान और राशन की दुकानों तक आपूर्ति अपेक्षित गति से नहीं हो सकी। इसका सीधा असर सरकारी राशन वितरण व्यवस्था पर पड़ा।

ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण कराकर राशन दिया जाएगा

कई स्थानों पर राशन की दुकान तक पहुंचने के बाद भी कार्डधारकों को वितरण न होने के कारण वापस लौटना पड़ा। जिससे दूर-दराज गांवों से राशन लेने आने वाले लोगों को दोबारा दुकान तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ा।

मजदूरी करने वाले परिवारों के लिए यह परेशानी और बढ़ गई। राशन लेने के लिए दुकान पहुंचने में उनका काम और रोज की मजदूरी दोनों प्रभावित हुए। गरीब परिवारों को निश्शुल्क मिलने वाले खाद्यान्न के लिए भी इंतजार करना पड़ा। अब विभाग ने छूटे हुए लाभार्थियों के लिए वितरण की अवधि बढ़ाकर 25 अगस्त कर दी है।

यह भी पढ़ें- गंगा को निर्मल बनाने की अनोखी पहल, नदी में छोड़ी जाएंगी रोहू और कतला जैसी 1 लाख मछलियां

इस दौरान कार्डधारक अपनी संबंधित सरकारी राशन की दुकान से गेहूं और चावल प्राप्त कर सकेंगे। ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण कराकर राशन दिया जाएगा। इसके अलावा मोबाइल ओटीपी के जरिए भी राशन लेने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

कांवड़ यात्रा के कारण कुछ क्षेत्रों में राशन का उठान और वितरण प्रभावित हुआ था। इससे वंचित कार्डधारकों की सुविधा के लिए वितरण की अंतिम तिथि 25 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारक इस अवधि में राशन की दुकान से गेहूं-चावल प्राप्त कर सकते हैं।

                                                                       मंगेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी