Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कौशांबी का सिराथू विधानसभा : विकास की राह पर कारवां तो बढ़ा, रोजगार की तस्वीर अभी भी धुंधली ही

    By Gurudeep Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Thu, 23 Jul 2026 05:06 PM (IST)

    कौशांबी के सिराथू विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में प्रगति हुई है, लेकिन रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास अभी भी एक बड़ी चुनौती है। विधायक पल्लवी पट ...और पढ़ें

    कौशांबी के सिराथू विधानसभा की तस्वीर स्पष्ट करता विधायक का रिपोर्ट कार्ड।

    कौशांबी के सिराथू विधानसभा की तस्वीर स्पष्ट करता विधायक का रिपोर्ट कार्ड।

    HighLights

    1. अजुहा में एलिवेटेड फ्लाईओवर का बनना बड़ी चुनौती, संसाधन

    2. स्टाफ की कमी से ठीक ढंग से नहीं हो संचालित पा रहा ट्रामा सेंटर

    जागरण संवाददाता, कौशांबी। सिर्फ कौशांबी जनपद ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों में भी सबसे हॉट मानी जाने वाली सिराथू विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी और अपना दल (कमेरावादी) गठबंधन से डाक्टर पल्लवी पटेल विधानसभा पहुंची। यहां विकास के तमाम दावों के बीच रोजगार की तस्वीर बहुत धुंधली है। अब तक यहां एक भी औद्योगिक क्षेत्र का विकास नहीं हो सका। समशाबाद की पीतलनगरी भी दोबारा आबाद नहीं हो सकी। इससे यहां के बहुत से कारीगरों का पलायन हो चुका है।

    क्षेत्र में कई काम होने बाकी 

    सिंचाई के अलावा अजुहा में एलिवेटेड फ्लाईओवर, खेल समेत कई क्षेत्रों में काम अभी होने बाकी हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट मिलने लगी है। जनमानस अपने विधायक के कार्यों और प्रयासों का मूल्यांकन कर रहा है। इसी बीच विधायक अब खेत-खलिहानों में कूद पड़ी हैं। वह जनता को यह बताने का भरसक प्रयास कर रही हैं कि वह उनकी सबसे बड़ी हिमायती हैं।

    सिराथू विधानसभा

    कुल मतदाता: 386813
    पुरुष मतदाता: 205425
    महिला मतदाता: 181382

    विधायक की क्षेत्र में शत-प्रतिशत उपस्थिति

    अब यदि विधायक डॉ. पल्लवी के सक्रियता की बात करें तो विधानसभा में उनकी शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। उन्होंने अब तक विधानसभा में जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े 120 प्रश्न उठाए हैं। उन्होंने निधि का बड़ा हिस्सा परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाएं में खर्च किया। सड़क, रेलवे ओवरब्रिज, पुल, राजकीय महाविद्यालय, यूनानी चिकित्सालय समेत कई कार्य हुए। ग्रामीण क्षेत्रों से रोडवेज बसों का संचालन भी शुरू हुआ। इससे लोगों का आवागमन पहले से बेहतर हुआ।

    ये हुए कार्य 

    व्यापार एवं अन्य क्षेत्रों में प्रगति भी दर्ज की गई। सिराथू में राजकीय डिग्री कालेज, 50 शैय्या का एकीकृत आयुष चिकित्सालय का निर्माण हुआ। अजुहा, सुजातपुर-बमरौली में रेलवे ओवरब्रिज, कनवार व पतौना में ससुर खदेरी नदी पर एक नए पुल का निर्माण कराया गया। पतौना में पुराने पुल की जगह नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया। सिराथू में एक मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण भी शुरू होने जा रहा है। सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विधायक की तरफ से रामगंगा नहर में गंगा नदी के समीप पंपिंग जोन बनवाने का प्रयास जारी है।

    खबरें और भी

    फ्लाईओवर निर्माण की मांग अधूरी 

    इसी प्रकार इनडोर स्टेडियम, क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार एवं पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर भी कवायद जारी है। उनके कार्यकाल में अजुहा बाजार में नेशनल हाईवे पर लोगों की ओर से कई वर्षों से की जा रही एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण की मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है। इससे अजुहा में जाम की समस्या गंभीर बनी है। नेशनल हाईवे किनारे नरसिंहपुर कछुआ में ट्रामा सेंटर बना है, लेकिन संसाधन, चिकित्सक और स्टाफ की कमी के कारण वह पूरी तरह से दौड़ नहीं पा रहा है। सिराथू में महिला डिग्री कालेज, इनडोर स्टेडियम की मांग भी लंबे समय से जनप्रतिनिधियों से की जा रही है। अफसोस, अब तक यह मांग अधूरी है। विधानसभा क्षेत्र में परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाएं बेहतर हुईं।

    विगत तीन वर्षों में कराए गए काम

    53 इंटरलाकिंग एवं सीसी रोड का निर्माण। 45 स्कूलों में आरओ प्लांट और वाटर कूलर लगाए गए। इसमें सिराथू ब्लाक के 19 और कड़ा ब्लाक के 26 स्कूल शामिल। पेयजल समस्या को लेकर विभिन्न गांवों में 214 हैंडपंपों की स्थापना। हाईमास्ट लाइटें, 256 व सोलर लाइटें, 1454 लगवाई गईं।

    चौथे वर्ष के लिए प्रस्तावित कार्य

    विभिन्न गांवों में 215 स्थलों पर सोलर लाइट की स्थापना। सिराथू ब्लाक में 21 और कड़ा ब्लाक में 19 स्थलों पर हाईमास्ट की स्थापना। बाबू कल्याण सिंह उन्नति योजनांतर्गत 20 स्थलों, पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजनांतर्गत कड़ा ब्लाक के 10 व सिराथू ब्लाक के 10 स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव।

    मैंने सिराथू को शांति व्यवस्था के साथ बेहतर रहने लायक जगह बनाने का वादा किया। जनता के विश्वास को कायम रखते हुए विपक्ष की विधायक होकर भी क्षेत्र की जनसमस्याओं व विकास के लिए सड़क से लेकर विधानसभा तक प्रमुखता से आवाज बुलंद की है। यह काम आगे भी जारी रहेगा। अब तक 500 से अधिक कैंसर एवं गंभीर रोग से पीड़ित सर्वसमाज के लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद दिलाई गई। कैंसर हास्पिटल, महिला महाविद्यालय, इनडोर स्टेडियम, फायर स्टेशन, चिकित्सक आवास, विद्युत शवदाह गृह, बाल उद्यान का निर्माण, इंटरनेशनल डिजिटल लाइब्रेरी, किसानों के खेतों की सिंचाई के लिए रामगंगा नहर में गंगा नदी के समीप पंपिंग जोन बनाते हुए गंगा के पानी को नहर में लाने को लेकर भी प्रयास है।
    - डॉ. पल्लवी पटेल, विधायक सिराथू व नेता अपना दल (कमेरावादी)।

    विधानसभा चुनाव के बाद विधायक ने क्षेत्र में जनसंपर्क की मात्र औपचारिकता निभाई है। हवा-हवाई व बड़बोले भाषा शैली के अलावा जनसमस्याओं और क्षेत्र के विकास को लेकर संवेदनशील नहीं रही हैं। चार वर्षों में विधायक निधि का अधिकतर धनराशि लाइटों पर खर्च किया गया हैं। मेरे जनसंपर्क के दौरान मतदाता विधायक से असंतुष्ट होने की बात बेबाकी से बताते हैं। जो अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं।
    - मुंसब अली उस्मानी, उप विजेता, बसपा नेता।

    बोले लाेग 

    जिस आशा और विश्वास के साथ सिराथू के मतदाताओं ने मतदान किया था। उसके अनुरूप विकास कार्य नहीं हो सका। आम मतदाता अपने आपको छला महसूस कर रहा है। नरसिंहपुर कछुआ में ट्रामा सेंटर बना है, वह भी ठीक से संचालित नहीं हो पा रहा है। संसाधनों और स्टाफ की भी कमी है। इसका संचालन अच्छे ढंग से होने लगे तो क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधा मिलने लगे।
    - शिव सागर त्रिपाठी, सिराथू।

    विपक्ष की विधायक होते हुए भी जनसमस्याओं को लेकर समय-समय पर सड़क से लेकर सदन तक आवाज बुलंद किया है। वहीं, विकास कार्यों को लेकर सीमित विधायक निधि से क्षेत्र के विकास का प्रयास किया है।
    - आकाश केसरवानी, सैनी।

    वर्तमान विधायक ने हमारे नगर पंचयात अजुहा को दो सड़कें, 11 सोलर लाइटें, दो प्राथमिक विद्यालय में आरओ वाटर कूलर दिए हैं। उनके कार्य से पूरी तरह संतुष्ट हूं।
    - सैयद फैसल हसन, अजुहा।

    विधायक द्वारा क्षेत्र में सड़क, लाईट एवं पार्षदीय विद्यालयों मे वाटर कूलर लगवाए गए हैं। अजुहा में फ्लाईओवर का निर्माण हो जाए तो यहां जाम की समस्या समाप्त हो जाएगी और रोजगार भी बढ़ेगा।
    - विक्की केसरवानी, अजुहा।