रामवन गमन पथ पर दर्दनाक हादसा: कौशांबी में ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत, मां समेत चार लोग गंभीर
कौशांबी में रामवन गमन पथ पर टेवां के पास एक ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में तीन वर्षीय मासूम अमन ...और पढ़ें

ट्रैक्टर की टक्कर से जख्मी कुषमा देवी- जागरण
HighLights
टेवां के पास हादसा, एक ही बाइक पर सवार थे पांच लोग
जेल में निरुद्ध बेटे से मिलकर परिवार के लोग लौट रहे थे
संसू, जागरण, टेवां (कौशांबी)। यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चलाने में लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। रामवन गमन पथ पर टेवां के समीप मंगलवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार तीन वर्षीय मासूम अमन की मौत हो गई, जबकि उसकी मां समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर पांच लोग सवार थे। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
महेवाघाट क्षेत्र के बैरागीपुर निवासी छोटेलाल का बेटा राजेश हत्या के एक मामले में तीन महीने से जिला कारागार में निरुद्ध है। मंगलवार सुबह छोटेलाल अपने तीन वर्षीय पोते अमन, सुग्गा और बहू कुषमा देवी के साथ रिश्तेदार विंदेश्वरी की बाइक से बेटे से मुलाकात करने जेल आया था। विंदेश्वरी ने हेलमेट नहीं पहना था।
दोपहर में मुलाकात के बाद सभी बाइक से घर लौट रहे थे। अमन बाइक की टंकी पर बैठा था, जबकि अन्य लोग पीछे सवार थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के टेवां पेट्रोल पंप के पास गांव की ओर से ही आ रहे ट्रैक्टर चालक ने अचानक मंझनपुर की तरफ वाहन मोड़ दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर में सामने से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार सभी पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी ट्रैफिक भैया संतोष कुमार सिंह का कहना है कि दोपहिया वाहन पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और बच्चों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही के गंभीर परिणामों का यह एक उदाहरण है। बाइक पर छोटे बच्चे को टंकी पर बैठाना जोखिम भरा है। हेलमेट पहनना और वाहन पर निर्धारित संख्या में ही सवारी बैठाना जरूरी है। वहीं, थाना प्रभारी विनीत सिंह का कहना है कि ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया है। ट्रैक्टर कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।