Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मां के पैर से लिपटा तो हाथ से छूट गया खौलते दूध का भगोना, दो साल के मासूम की झुलसकर मौत

    Updated: Wed, 11 Mar 2026 08:58 AM (GMT+05:30)

    कौशांबी के उस्मानपुर बिगहरा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। मां के हाथ से गर्म दूध गिरने से दो वर्षीय मासूम बेटे की झुलसकर मौत हो गई। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, कौशांबी। सरायअकिल क्षेत्र के उस्मानपुर बिगहरा गांव में सोमवार की रात ममत्व में एक मासूम अपनी मां के आंचल से लिपट गया, लेकिन मां के हाथ में रहा गर्म दूध दो वर्षीय मासूम के ऊपर गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

    आनन-फानन में स्वजन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया।

    घटना से स्वजन में कोहराम मच गया। शव लेकर लौटे स्वजन ने बिना पोस्टमार्टम कराए मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया।

    मां के पैर से लिपट गया मासूम बेटा

    उस्मानपुर बिगहरा गांव निवासी मंगल प्रसाद मेहनत मजदूरी करके स्वजन का भरण पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को वह अपने चार बच्चों में दो बेटे और एक बेटी को लेकर पड़ोस के गांव सरैंया में निमंत्रण खाने के लिए चले गए थे।

    इस बीच घर पर उनकी पत्नी सावित्री देवी दो वर्षीय मासूम मनु एवं जेठानी के साथ थी। रात करीब नौ बजे चूल्हे पर भगोने में दूध गर्म करके सावित्री देवी रखने के लिए बाहर निकली, तभी मासूम बेटा मां का पैर पकड़कर लिपट गया।

    इससे गर्म दूध से भरा भगोना मां के हाथ से छूट गया और सारा दूध मनु के ऊपर गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। बेटे को झुलसा देख मां चीखने लगी। चीख पुकार और शोरगुल सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।

    खबरें और भी

    रास्ते में मासूम की हो गई मौत

    लोगों के सहयोग से स्वजन उसे सरायअकिल सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्वजन एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। स्वजन शव लेकर वापस लौट आए।

    मंगलवार की सुबह बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष वीर प्रताप सिंह का कहना है कि अन्य माध्यमों से घटना की जानकारी मिली है, लेकिन स्वजन ने किसी प्रकार की सूचना थाने में नहीं दी है।