रामवन गमन मार्ग का कौशांबी में एक लेन बंद, हाईटेंशन लाइन विवाद से शिफ्टिंग कार्य प्रभावित; वाहन चालकों को परेशानी
कौशांबी में रामवन गमन मार्ग का एक लेन हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग विवाद के कारण बंद कर दिया गया है। किसानों ...और पढ़ें

रामवन गमन मार्ग की कौशांबी में बंद की गई एक लेन। जागरण
HighLights
बोर्ड लगाया गया, रात में अंधेरा होने पर हादसे का अंदेशा बना है
मुकदमे के निस्तारण के बाद ही हाईटेंशन लाइन हो सकेगी शिफ्ट
जागरण संवाददाता, कौशांबी। अयोध्या से चित्रकूट को सीधे जोड़ने वाले जाने रामवन गमन मार्ग के एक लेन को जिला मुख्यालय के समीप हाईटेंशन लाइन की शिफ्टिंग नहीं होने से बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से लोगों को कादीपुर के समीप मुड़कर समदा होते हुए आगे का मार्ग तय करना पड़ रहा है। जहां लेन बंद की गई है, वहां आगे रास्ता बंद होने का बोर्ड लगाया गया है, लेकिन रात में अंधेरा होने पर हादसे का अंदेशा बना है।
मंझनपुर के समदा से होकर निकला है मार्ग
रामवन गमन मार्ग का निर्माण प्रतापगढ़ से लेकर चित्रकूट तक लोक निर्माण विभाग के नेशनल हाईवे (एनएच) खंड प्रयागराज द्वारा कराया जा रहा है। जिले में अभी काम चल रहा है। यह मार्ग जिला मुख्यालय से सटे समदा गांव से होकर जा रहा है। इस गांव से गुजरी हाईटेंशन लाइन नीचे होने के कारण उसे पावर कारपोरेशन द्वारा शिफ्ट किया जाना है।
खेत में टॉवर लगाया जाना है
दरअसल लाइन को शिफ्ट करने के लिए काश्तकारों के खेत में टॉवर लगाया जाना है। इसको लेकर कुछ काश्तकारों ने विरोध करते हुए उच्च न्यायालय में वाद दायर कर दिया है। चूंकि हाईटेंशन लाइन नीचे होने के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए विभाग ने खतरे का अंदेशा जताया गया है। लिहाजा कादीपुर के समीप इस मार्ग के एक लेन को बंद कर दिया गया है। इससे लोगों को परेशानी होती है।
क्या बोले लोनिवि एनएच खंड के सहायक अभियंता?
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग एनएच खंड के सहायक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के कारण यह निर्णय लिया गया है। काश्तकारों द्वारा उच्च न्यायालय में दायर मुकदमे के निर्णय के बाद ही लाइन शिफ्टिंग हो सकेगी। उसके बाद मार्ग से आवागमन सुचारु रूप से होने लगेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।