बुजुर्ग महिलाओं को योगी सरकार का तोहफा, रोडवेज बसों में फ्री सफर की मिलेगी सुविधा; नहीं लगेगा एक भी पैसा
उत्तर प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। ...और पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ
HighLights
60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा।
आर्थिक बोझ कम होगा, यात्रा में सुविधा मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में अहम कदम।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। बढ़ती उम्र में यात्रा का खर्च अब जिले की बुजुर्ग महिलाओं के लिए परेशानी नहीं बनेगा। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने के फैसले से जिले की वरिष्ठ महिलाओं में खुशी की लहर है। महिलाओं ने इसे सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार के निर्णय का स्वागत किया है।
सरकार के फैसले के तहत पात्र महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में यात्रा के दौरान किराया नहीं देना होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
अब उन्हें इलाज कराने, रिश्तेदारों से मिलने, धार्मिक स्थलों की यात्रा करने या अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। कस्बों और गांवों की बुजुर्ग महिलाओं का कहना है कि सीमित आय के कारण कई बार किराये का खर्च उनके लिए बड़ी समस्या बन जाता था।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में अहम कदम
जरूरी काम होने के बावजूद उन्हें यात्रा टालनी पड़ती थी। मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से अब वह अपनी जरूरतों के लिए आसानी से घर से बाहर निकल सकेंगी। भरवारी और सिराथू क्षेत्र की महिलाओं ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर सरकार की यह पहल बड़ी राहत देने वाली है। इससे न केवल आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- दिव्यांग छात्राओं को योगी सरकार देगी मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल का तोहफा, ऐसे करें आवेदन
महिलाओं का कहना है कि यह योजना बुजुर्गों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती है। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना लागू होने के बाद जिले की हजारों वरिष्ठ महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
सरकार की ओर से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा कि सूचना प्राप्त हुई है। योजना के संबंध में शासन स्तर से जैसे ही दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार जिले में व्यवस्था लागू कराई जाएगी। पात्र वरिष्ठ महिलाओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए चालकों-परिचालकों को भी आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
गंगा शंकर, डिपो इंचार्ज मंझनपुर