Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय बुद्धिस्ट कान्क्लेव, आध्यात्मिकता, संस्कृति और वैश्विक एकता का अद्भुत संगम

    Updated: Wed, 01 Apr 2026 11:10 AM (IST)

    कुशीनगर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बुद्धिस्ट कान्क्लेव का शुभारंभ हुआ, जहाँ आध्यात्मिकता, संस्कृति और वैश्विक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। 15 ...और पढ़ें

    कुशीनगर में प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से वार्ता करते (दाएं से दूसरे)न्यूयार्क के मेडिटेशन टीचर लामा आरिया डोलमा। जागरण

    कुशीनगर में प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से वार्ता करते (दाएं से दूसरे)न्यूयार्क के मेडिटेशन टीचर लामा आरिया डोलमा। जागरण

    HighLights

    1. कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय बुद्धिस्ट कान्क्लेव का भव्य शुभारंभ हुआ।

    2. यह आयोजन आध्यात्मिकता, संस्कृति और वैश्विक एकता का प्रतीक है।

    3. कुशीनगर को बौद्ध शैक्षणिक राजधानी बनाने का लक्ष्य।

    जागरण संवाददाता, कुशीनगर। तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बुद्धिस्ट कान्क्लेव के पहले दिन बुद्ध कर परिनिर्वाण स्थली पर आध्यात्मिकता, संस्कृति और वैश्विक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरा मंदिर परिसर बुद्ध के पूजन-अर्चन की गूंज और शांति के संदेश से सराबोर रहा।

    दूसरी ओर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। लोक कलाकारों को मंच मिला तो बच्चों को भी अपना हुनर दिखाने का अवसर मिला। कार्यक्रम में आए विदेशी मेहमानों ने आयोजन को दुनिया को सकारात्मक व शांति का संदेश देने वाला बताया।

    राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार, कृषि निर्यात व जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि इस कार्यक्रम के निहितार्थ भी समझाए। कहा कि, इसके बहुत से उद्देश्य हैं, कुशीनगर को भारत की बौद्ध शैक्षणिक राजधानी के रूप में स्थापित करना है, तीन दिवसीय विचार एवं मंथन से निकले तथ्य से देश एवं विश्व को उपयोगी संदेश देना। इसका उद्देश्य क्रास नेशनल शोध का निर्माण करना, आधारभूत संबंधों का दस्तावेजीकरण करना भी है, जो आने वाली पीढ़ी को हमारी सभ्यता से परिचित कराएगी।

    उन्होंने बुद्ध के मध्यम मार्ग के बारे में बताते हुए कहा कि, दुनिया के लोग उच्च एवं निम्न मार्ग से चलते हैं, लेकिन हमारे देश के लोग बुद्ध के बताए मध्य मार्ग से चलते हैं। भारत विश्व का कल्याण चाहता है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कुशीनगर आज वैश्विक बौद्ध जगत के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसका उद्देश्य केवल आध्यात्मिक विमर्श तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन और उद्योग को भी नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।

    खबरें और भी

    सरकार चाहती है कि, कुशीनगर केवल आस्था का केंद्र न रहकर आर्थिक और औद्योगिक दृष्टि से भी मजबूत बने। कान्क्लेव की संपूर्ण रूपरेखा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा निर्देश पर डीएम महेंद्र सिंह तंवर द्वारा तैयार की गई है। इस आयोजन के माध्यम से कुशीनगर की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती से स्थापित करने का लक्ष्य भी रखा गया है।

    विधायक विवेकानंद पांडेय, मनीष जायसवाल, सुरेंद्र कुशवाहा, मोहन वर्मा, विनय प्रकाश गोंड, सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव, सीओ कुंदन सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष पडरौना विनय जायसवाल, कुशीनगर किरन जायसवाल, प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।

    यह भी पढ़ें- कुशीनगर से विश्व शांति का संदेश, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन 2026 का भव्य शुभारंभ

    15 देशों के 300 व 2000 भारतीय बौद्ध भिक्षु पहुंचे
    संवाद सूत्र, बुद्ध नगरी: अंतरराष्ट्रीय बुद्धिस्ट कान्क्लेव में 15 देशों के 300 बौद्ध भिक्षु पहुंचे तो 2000 भारतीय बौद्ध भिक्षु भी शामिल हुए। चांटिंग यानी की बुद्ध वंदना में सभी एक साथ शामिल हुए तो बुद्ध के संदेश स्वयं गूंजने लगे। सुबह साढ़े नौ बजे से एक घंटे तक चांटिंग के बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

    छात्राओं ने पेंटिंग प्रतियोगिता में किया प्रतिभाग
    कान्क्लेव के शुभारंभ के अवसर पर शांति उपवन में पेंटिेग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों की 500 से अधिक छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने इनका उत्साहवर्धन भी किया। पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

    तीन दिवसीय कानक्लेव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
    अंतरराष्ट्रीय बद्धिस्ट कान्क्लेव को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में देश-विदेश से आने वाले बौद्ध धर्मगुरुओं, विद्वानों और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। एसपी केशव कुमार स्वयं व्यवस्था की मानिटरिंग कर रहे हैं।

    एसपी ने बताया कि, पुलिस बल की तैनाती के साथ ही सीसी कैमरों के जरिये हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वायड को भी मौके पर तैनात किया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है।