कुशीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए भवन में अत्याधुनिक ओटी की शुरुआत, रोगियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
पडरौना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए भवन में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की शुरुआत हो गई है। इससे मरीजों को अब बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी ...और पढ़ें

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए भवन में अत्याधुनिक ओटी की शुरुआत।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पडरौना। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए भवन में अत्याधुनिक आपरेशन थियेटर (ओटी) की शुरुआत हो गई। इससे मरीजों को अब बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। पुराने भवन से नए भवन में शिफ्टिंग के बाद मंगलवार को चिकित्सकों ने 12 मरीजों के सामान्य ऑपरेशन भी किए।
प्राचार्य डॉ. सुभाष गुप्ता ने बताया कि नए भवन में कुल चार अलग-अलग ओटी बनाए गए हैं, जिनमें आर्थोपेडिक, नेत्र, ईएनटी (कान, नाक, गला) और जनरल सर्जरी के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। इन सभी ओटी की खासियत यह है कि यहां एक साथ अलग-अलग प्रकार के आपरेशन किए जा सकेंगे। इससे मरीजों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और आपात स्थिति में भी तुरंत उपचार संभव हो सकेगा।
इसके पूर्व सीएमएस डॉ. दिलीप कुमार ने ओटी भवन की व्यवस्था परखी। कहा कि पुराने भवन में केवल दो ओटी संचालित हो रहे थे, जिससे आपरेशन की संख्या सीमित रहती थी और कई बार मरीजों को तारीख का इंतजार करना पड़ता था। लेकिन अब नए भवन में अत्याधुनिक उपकरणों और बेहतर संसाधनों के साथ आपरेशन की क्षमता में बढ़ोतरी हुई है।
चिकित्सकों का कहना है कि नई सुविधाओं से जटिल सर्जरी भी आसानी से की जा सकेंगी। साथ ही स्वच्छता के उच्च मानकों का भी विशेष ध्यान रखा गया है। नए ओटी के शुरू होने से न सिर्फ जिले बल्कि आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी राहत मिलेगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।