कुशीनगर पुलिस का नया कदम, अब बैरक की दीवारों पर दिखेंगे अपराधियों के नाम
कुशीनगर में अब पुलिस बैरकों की दीवारों पर सक्रिय अपराधियों के नाम, पते और अपराध का ब्यौरा लिखा जाएगा। एसपी केशव कुमार ने अपराध नियंत्रण के लिए यह कदम ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, पडरौना, (कुशीनगर)। थानों के अभिलेखों के साथ अब बैरक (पुलिसकर्मियों का क्वार्टर) की दीवारों पर भी अपराधियों का नाम लिखा जाएगा। इससे बीटवार सक्रिय व वांछित अपराधियाें के बारे में जानने व समझने में सहूलियत होगी। इसके अलावा ड्यूटी के बाद फुरसत के समय में भी पुलिसकर्मियों की नजर अपने लक्ष्य पर बनी रहेगी।
अपराध एवं अपराधियाें पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसपी केशव कुमार ने यह कदम उठाया है। थानेदाराें को निर्देश हुआ है कि बीटवार अपराधियों की सूची नए सिरे से तैयार कर उनके नाम अभिलेखों के अलावा बैरक की दीवारों पर भी चस्पा कराएं। इसमें उनका नाम, पता व किए गए अपराध का ब्याैरा अंकित हो। इससे सक्रिय अपराधियों का नाम हमेशा याद रहेगा और वे उन पर पैनी नजर रख सकेंगे। पुलिसकर्मियों की क्षमता बढ़ेगी।
इसके अलावा अगर थाने से उनका स्थानांतरण हो जाता है तो उनकी जगह आए नए बीट पुलिस अधिकारी-दारोगा को क्षेत्र के बारे में जानने में मदद मिलेगी। सक्रिय अपराधियों की पहचान और जानकारी भी आसानी से हो सकेगी। नई इस व्यवस्था से अपराधियों में डर का माहौल बनेगा और इससे अपराध में कमी आएगी।
इन अपराधियों के नाम होंगे चस्पा
बैरक की दीवारों पर चस्पा होने वाली सूची में पशु-तस्कर,शराब तस्कर, लूट, डकैती,चोरी, नकबजनी, फ्राड सहित अन्य गंभीर प्रकृति के अपराध में लिप्त अपराधियों का नाम शामिल रहेगा।
यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर में डिवाइडर पार कर DCM ने कार को मारी टक्कर, दो पत्रकारों की मौत
ये हैं थाने और बीट
पडरौना कोतवाली-92, हाटा कोतवाली-79, रवींद्रनगर धूस-33, जटहाबाजार-42, कुबेरस्थान-30, तुर्कपट्टी-48, कसया-88, कप्तानगंज-76, अहिरौलीबाजार-72, पटहेरवा-34, चौराखास-33, तरयासुजान-62, तमकुहीराज-46, सेवरही-51, विशुनपुरा-32, बरवापट्टी-19, खड्डा-45, नेबुआ नौरंगिया-50, हनुमानगंज-24, रामकोला-69। इस तरह जनपद के 21 थानों में कुल 1025 बीट हैं।
थानेदारों को इसके अनुपालन के निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र ही बैरक की दीवारों पर अपराधियों के नाम चस्पा किए जाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इससे हल्का दारोगा तथा बीट पुलिस अधिकारी की नजर हमेशा क्षेत्र के अपराधियों पर बनी रहेगी। इससे अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगेगा।
-केशव कुमार, एसपी