Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संतकबीरनगर में डिवाइडर पार कर DCM ने कार को मारी टक्कर, दो पत्रकारों की मौत

    Updated: Mon, 16 Mar 2026 11:30 AM (GMT+05:30)

    संतकबीरनगर के मगहर में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो पत्रकारों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल ...और पढ़ें

    मौके पर जांच करते पुलिस अधिकारी। जागरण

    मौके पर जांच करते पुलिस अधिकारी। जागरण

    HighLights

    1. मगहर में डीसीएम और वैगनआर कार की टक्कर।

    2. हादसे में दो पत्रकारों की मौके पर ही मौत।

    3. कुशीनगर लौटते समय हुआ यह दर्दनाक हादसा।

    जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मगहर कस्बे में सोमवार भोर में चार बजे के करीब रसूलाबाद स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर एक डीसीएम और वैगनआर कार की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।

    जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से लखनऊ की ओर जा रही एक डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और लखनऊ से गोरखपुर की तरफ आ रही वैगनआर कार से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    हादसे के बाद कार चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया था। आसपास मौजूद पेट्रोल पंप कर्मियों ने तत्काल मदद करते हुए कार का दरवाजा तोड़कर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय संत कबीर नगर भेजा गया।

    अस्पताल में चिकित्सकों ने 35 वर्षीय धनंजय पांडेय पुत्र उमाकांत पांडेय निवासी सरगरिया उर्फ रामनगर थाना नेबुआ नौरंगिया जनपद कुशीनगर तथा 45 वर्षीय शंभू मिश्रा पुत्र रमाकांत मिश्रा निवासी लखुआ खुर्द थाना खड्डा जनपद कुशीनगर को मृत घोषित कर दिया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- 500 सिलिंडर के लिए पहुंचे तीन हजार उपभोक्ता, भीड़ को कंट्रोल करने में प्रशासन के छूट पसीने

    वहीं 42 वर्षीय रमन कुमार पुत्र मुन्नीलाल निवासी इंदिरा नगर पडरौना थाना कोतवाली पडरौना जनपद कुशीनगर और 42 वर्षीय सुदेश मिश्रा पुत्र हंसराज मिश्रा निवासी चिलोना थाना नेबुआ नौरंगिया जनपद कुशीनगर की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

    पुलिस के मुताबिक, कार में सवार चारों लोग हिंदी पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश स्तरीय होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह में शामिल होकर वापस अपने जनपद कुशीनगर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।

    पुलिस ने वाहन संख्या और कार से मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए खलीलाबाद स्थित मर्चरी हाउस में रखवाए गए हैं।