Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुशीनगर में बिजली संकट, सिर्फ दो लाइनमैनों के भरोसे 40 गांवों की आपूर्ति

    Updated: Sun, 31 May 2026 11:46 AM (IST)

    राजापाकड़ फीडर पर लाइनमैनों की भारी कमी के कारण कुशीनगर के 40 गांवों के 7000 उपभोक्ता बिजली कटौती से जूझ रहे हैं। मामूली फाल्ट ठीक करने में भी 12-18 घ ...और पढ़ें

    40 गांवों के 7000 उपभोक्ताओं को प्रभावित कर रही कर्मियों की कमी। जागरण

    40 गांवों के 7000 उपभोक्ताओं को प्रभावित कर रही कर्मियों की कमी। जागरण

    HighLights

    1. राजापाकड़ फीडर पर मात्र दो संविदा लाइनमैन कार्यरत।

    2. 40 गांवों के 7000 उपभोक्ता बिजली संकट से प्रभावित।

    3. मामूली फाल्ट ठीक होने में 12-18 घंटे लगते हैं।

    संवादसूत्र, राजापाकड़, (कुशीनगर)। विद्युत उपकेंद्र गुरवलिया के राजापाकड़ फीडर पर लाइनमैनों की कमी से करीब 40 गांवों के 7000 उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लगभग 50 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन व 250 ट्रांसफार्मरों वाले इस फीडर की जिम्मेदारी मात्र दो संविदा लाइनमैनों के पास रह गई है। इसके चलते मामूली फाल्ट दूर करने में भी घंटों लग जा रहे हैं।

    ‎राजापाकड़ फीडर पर पहले छह संविदा लाइनमैन तैनात थे। इनमें से एक को विभाग से हटा दिया गया, जबकि एक अन्य को विजयपुर फीडर की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इसके बाद बचे चार लाइनमैनों में से दो को हाल ही में कसया तहसील फीडर पर भेज दिया गया।

    उपभोक्ताओं का कहना है कि कसया तहसील फीडर पर भी करीब 7000 उपभोक्ता हैं, लेकिन वहां पहले से 15 लाइनमैन तैनात थे। राजापाकड़ फीडर से दो और कर्मियों के पहुंचने के बाद वहां लाइनमैनों की संख्या 17 हो गई है। इसके विपरीत राजापाकड़ फीडर पर केवल दो लाइनमैन ही रह गए हैं। जबकि राजापाकड़ फीडर के अंतिम गांव की दूरी उपकेंद्र से करीब नौ किलोमीटर है।

    यह भी पढ़ें- कुशीनगर में डंपर-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत, स्कूटी चालक युवती की मौत

    ऐसे में दो लाइनमैनों के लिए पूरे क्षेत्र में फाल्ट ढूंढ़ना व आपूर्ति बहाल करना बड़ी चुनौती है। ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने या हल्का फाल्ट होने पर भी बिजली आपूर्ति बहाल करने में 12 से 18 घंटे लग जा रहे हैं। वहीं अत्यधिक लोड होने पर तार टूटने जैसी स्थिति में एक दिन से अधिक समय तक आपूर्ति बाधित रह रही है।

    खबरें और भी

    मुकेश यादव, विजय श्रीवास्तव, राजू यादव, चुन्नू मिश्र, सतीश मद्धेशिया, सत्यनारायण यादव, दिनेश्वर यादव आदि उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से राजापाकड़ फीडर पर तत्काल कम से कम चार अतिरिक्त लाइनमैनों की तैनाती करने की मांग की है, ताकि 40 गांवों के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। जेई यशवंत कुशवाहा ने बताया कि प्रकरण से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। शीघ्र ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।