कुशीनगर : कलेक्शन एजेंट ही निकला लूट का मास्टरमाइंड, बदला लेने के लिए रची थी साजिश
पडरौना में सीमेंट व्यवसायी के कलेक्शन एजेंट से हुई लूट का 24 घंटे में पर्दाफाश हो गया, जिसमें कलेक्शन एजेंट विपिन तुरहा ही मास्टरमाइंड निकला। उसने सहक ...और पढ़ें

HighLights
कलेक्शन एजेंट विपिन तुरहा ही लूट का मास्टरमाइंड निकला।
सहकर्मी से विवाद का बदला लेने को रची थी साजिश।
पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर रकम बरामद की।
जागरण संवाददाता, पडरौना (कुशीनगर)। बिहार के कटया निवासी सीमेंट व्यवसायी के कलेक्शन एजेंट से हुई लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। जांच में जिस एजेंट ने लूट होने की सूचना देकर पुलिस को गुमराह किया था, वहीं इस घटना का मुख्य साजिशकर्ता निकला।
पुलिस ने साजिशकर्ता समेत घटना में शामिल सभी पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक तथा लूट की 1.40 लाख रकम भी बरामद हुई है। एसपी केशव कुमार ने पर्दाफाश करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को एसपी ने पत्रकारों को बताया कि बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया बाजार के छड़-सीमेंट के थोक व्यवसायी अंशू लोहिया के वहां काम करने वाले विपिन तुरहा व अमन चौबे निवासी कटेया बाजार बीते सोमवार को बाइक से बकाया वसूलने फाजिलनगर आए थे।
बाइक पर सवार चार युवकों ने रोका
वापस लौटते समय शाम को लगभग साढ़े छह बजे कटेया बाजार के समीप पहुंचे कि सुनसान जगह पर ओवरटेक कर दो बाइक पर सवार चार युवकों ने रोका। बदमाशों ने अमन की पिटाई की और बैग लेकर बिहार की ओर फरार हो गए थे। विपिन ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वाट, सर्विलांस सहित चार टीमें पर्दाफाश के लिए लगाईं गईं।
खबरें और भी
घटनास्थल का निरीक्षण, सीसी फुटेज, मोबाइल काल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान सूचना देने वाले के बयान में अंतर सामने आया। कड़ाई से पूछताछ करने पर वह टूट गया और उसने अपनी साजिश स्वीकार कर ली। इस तरह कलेक्शन एजेंट विपिन तुरहा ही लूट का साजिशकर्ता पाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि सहकर्मी अमन चौबे से एक सप्ताह पूर्व किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। सबक सिखाने के लिए उसने रिश्तेदार वीरेंद्र शाह उर्फ जगुआर संग मिलकर लूट की कहानी रची।
एसपी ने बताया कि योजना के तहत घटना के दिन विपिन और अमन बकाया वसूलने फाजिलनगर आए थे। लौटते समय विपिन ने रिश्तेदार को फोन कर लोकेशन बताई और कहा कि अमन को अच्छे से सबक भी सिखाना है। इस तरह कलेक्शन की धनराशि भी आसानी से हाथ आ जाएगी, जिसे हम आधा-आधा बांट लेंगे। योजना के तहत लौटते समय दोनों पुरैना कटेया के समीप पहुंचे कि विपिन का रिश्तेदार तीन अन्य युवकों के साथ दो बाइक से आया।
युवकों ने विपिन व अमन को रोका। पीछे बैठे अमन की बुरी तरह पिटाई की और पैसे छीन लिए। एसपी ने बताया कि घटना में संलिप्त अफजल अंसारी व नीरज यादव निवासी रघुनंदनपुर मंगल टोला, शहनवाज अंसारी निवासी भानपुर थाना चौराखास व वीरेंद्र कुमार शाह उर्फ जगुआर निवासी दुहौना थाना कटेया जिला गोपालगंज बिहार को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, स्वाट प्रभारी स्वतंत्र सिंह, दारोगा नबीस अहमद, अवनीश कुमार यादव, हेकां.अशोक यादव, सनातन सिंह,कां.चंद्रिका मौर्य, रितेश यादव,ऋषि पटेल, शिवानंद सिंह, अंकित सिंह शामिल रहे।