Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    तमकुहीराज विधानसभा में बिजली से बदली तस्वीर, पेयजल और बाढ़ की समस्या बरकरार

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 07:58 PM (IST)

    तमकुहीराज विधानसभा में सड़कों और बिजली के क्षेत्र में काफी विकास हुआ है, लेकिन पेयजल और बाढ़ से बचाव जैसे कई मुद्दे अधूरे हैं। विधायक के प्रयासों के ब ...और पढ़ें

    डॉ. असीम कुमार राय, विधायक, तमकुहीराज।

    डॉ. असीम कुमार राय, विधायक, तमकुहीराज।

    HighLights

    1. सड़क और बिजली के क्षेत्र में हुआ व्यापक विकास।

    2. पेयजल, बाढ़ नियंत्रण और रोजगार के मुद्दे अधूरे।

    3. स्वास्थ्य सुविधाओं और जलभराव पर काम बाकी।

    डिजिटल डेस्क, कुशीनगर। विधानसभा क्षेत्र तमकुहीराज में आधारभूत ढांचा पहले से काफी मजबूत हुआ है। विधायक ने लोगों के बीच पहुंचकर जुड़ने का कार्य किया तो सड़क सहित अन्य क्षेत्रों में तेज विकास कार्य भी कराए। साढ़े चार वर्ष में तमकुहीरोड-बरवापट्टी मार्ग का चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, बन रहा बहुप्रतीक्षित सरकारी बस स्टेशन, एपी बांध के समीप स्थित घघवा जगदीश में बिजली उपकेंद्र का निर्माण, तमकुहीराज से अहिरौलीदान मार्ग का निर्माण, सलेमगढ़-मठिया श्रीराम बाया अहिरौलीदान संपर्क मार्ग का निर्माण, सरया खुर्द से बनरहा रेगुलेटर वाया पडरौना संपर्क मार्ग, एपी बांध पर संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण, बिहार सीमा से एक किमी 300 मीटर का निर्माण आदि कार्य विकास की गवाही दे रहे हैं, तो दियारा में बाढ़ की तबाही की तस्वीर अब भी बनी हुई है।

    नगर पंचायत सेवरही से टिकुलिया बाईपास संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण, लोक निर्माण विभाग द्वारा 300 से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण, पुनर्स्थापना और मरम्मत का कार्य, 150 से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य सहित पिपराघाट के गोला घाट पर बहुप्रतीक्षित सेतु का निर्माण, चखनी बड़ी नहर पर लघु सेतु का निर्माण कार्य, जवही दयाल में लघु सेतु का कार्य, दनियाड़ी-गौरहा-बीरवट कोन्हवलिया मार्ग पर लघु सेतु का निर्माण कार्य आदि कार्य जनता को सुकून दे रहे हैं, तो ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था की बाट लोग देख रहे हैं।

    विधायक के पास गिनाने के लिए रकबा दुलमापट्टी से मंझरिया संपर्क मार्ग, सिसवा नाहर में लघु सेतु का निर्माण कार्य, महिला एवं बाल विकास स्नेहशाला का कार्य तो है, लेकिन वादे की कसौटी पर आधा-अधूरा प्रयास भी है। सड़कों और बिजली के अलावा कई ऐसे बुनियादी मुद्दे हैं, जिन पर अब भी कोई ठोस कार्य नहीं हो सका है।

    ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्र में कोई नया उद्योग न खोले जाने व रोजगार का साधन न बढ़ने का दर्द भी युवाओं के मन में है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी विधायक ने सार्थक पहल की है, लेकिन मंजिल अभी भी दूर खड़ी दिख रही है। बाढ़ विस्थापित 40 परिवारों के पुनर्वास का सवाल मलाल बनकर अब भी सामने खड़ा है।

    खबरें और भी

    विकास को लेकर विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदलने का पूरा प्रयास विधायक का दिखता है, लेकिन रजवटिया में इंटीग्रेटेड सेंटर के निर्माण का कार्य जमीन पर न उतरने को लेकर विकास की रफ्तार पर ब्रेक भी लगता दिखता है। इससे लोगों का यूपी-बिहार सीमा पर विकास का सपना अभी अधूरा है।

    योगी-मोदी सरकार में तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में काफी विकास कार्य हुए हैं। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे सभी क्षेत्रों में विकास को गति मिली है। भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से सभी वर्ग के लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठा है। विधायक निधि से लोकमान्य इंटर कॉलेज सेवरही में आरसीसी सड़क और शीतल जल की व्यवस्था का कार्य कराया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिया और सड़कों का निर्माण कराकर इसका जाल बिछाया गया है। चुनाव से पहले शेष विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने में लगा हूं। रजवटिया के इंटीग्रेटेड सेंटर के लिए भी धन आहरित हुआ है। भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। शीघ्र ही जमीन पर यह आकार लेगा। इसको लेकर मेरा प्रयास तो है ही, शासन की भी प्राथमिकता में यह कार्य शामिल है। यूपी-बिहार सीमा पर शीघ्र ही यह प्रयास बड़े विकास द्वार के रूप में खड़ा होगा। -डॉ. असीम कुमार राय, विधायक तमकुहीराज।


    विधायक ऐसा कोई कार्य नहीं किए हैं, जिससे जनता संतुष्ट हो सके। बिजली समस्या से लोग परेशान हैं। विधायक ने कृषि विश्वविद्यालय, गेंदा सिंह गन्ना प्रजनन एवं अनुसंधान केंद्र सेवरही में खोले जाने का वादा किया, जो सामने है। गौरी जगदीश के गोला घाट पर पक्का पुल का वादा आज तक अधूरा है। पिपराघाट के जोगिनी टोला में पक्का पुल नहीं बन सका। एपी बांध के चैनपट्टी घाट पर किसान जान जोखिम में डालकर नारायणी उस पार जाने को विवश हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य की प्रगति शून्य है। सरकारी अस्पताल रेफरल सेंटर हैं। ट्रामा सेंटर खोले जाने का वादा भी अधूरा है। -डॉ. उदय नारायण गुप्ता, प्रतिद्वंदी।

     

    विधायक के साढ़े चार वर्ष की उपलब्धि औसत है। यह सही है कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए विधायक की ओर से पहल की गई है, लेकिन जनता की कुछ मांगें पूरी नहीं हो सकी हैं। इसको लेकर कुछ कसक भी है। क्षेत्र की सूरत बदली है। -पंकज मिश्र, अधिवक्ता।

     

    जनता की शिकायत सुनने के लिए विधायक उपलब्ध रहते हैं। यह राहत देने वाली बड़ी बात है। इनके कार्यकाल में गिनाने के लिए बहुत से अच्छे कार्य भी हुए हैं। तमकुहीराज में जाम की समस्या में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है, इससे नागरिक आज भी परेशान रहते हैं। समाधान आवश्यक है। -डॉ. अरविंद राय, चिकित्सक।

     

    विधायक अच्छे व्यक्ति हैं, लोगों से पूरी सहजता से मिलते हैं, तो समस्याओं के निस्तारण के लिए सार्थक पहल भी करते हैं। लेकिन एपी बांध की जर्जर सड़क नहीं बन पाना लोगों को आज भी सालता है। इसके लिए विधायक को और कार्य करने की आवश्यकता है। विकास भी हुआ है। -पारस सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता।

     

    क्षेत्र भ्रमण और जनसंवाद के साथ-साथ विधायक नियमित रूप से अपने कैंप कार्यालय पर जनता की समस्याओं को सुनते हैं। यह आज के परिवेश में आम जनता के लिए सबसे बड़ी राहत है। व्यापारियों और किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए वे अधिकारियों से सार्थक पहल करते हैं। -विजय तुलस्यान, व्यापारी।

    प्रस्तुति: धनेश्वर पाण्डेय