दुधवा नेशनल पार्क में जंगल के राजा को भालू ने दी चुनौती, आमने-सामने आ गए बाघ व भालू को देख पर्यटक रोमांचित
Dudhwa National Park: बाघ और भालू के बीच लगभग दस मिनट तक शक्ति प्रदर्शन चला और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ...और पढ़ें
HighLights
दुधवा के सलूकापुर रेंज में देखा गया यह अद्भुत नजारा
बाघ और भालू को आमने-सामने देख कुछ तो बोल उठे-पैसा हो गया वसूल
रोमांचक वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल
संवाद सूत्र, लखीमपुर। पलियाकलां क्षेत्र में दुधवा टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी करने आ रहे सैलानियों को वैसे तो बाघ के कुनबे से प्रतिदिन कुछ न कुछ रोमांच देखने को मिलता है, लेकिन बाघ के सामने भालू की चुनौती देख गुरुवार को पर्यटक काफी रोमांचित हो उठे। सलूकापुर रेंज में भ्रमण कर रहे महाराष्ट्र के पर्यटक बोल उठे कि आज तो पैसा वसूल हो गया।
दुधवा टाइगर रिजर्व (Dudhwa Tiger Reserve) में जंगल सफारी के दौरान एक बाघ और भालू के आमने-सामने आने का रोमांचक मामला सामने आया है। दोनों दिग्गजों के बीच लगभग दस मिनट तक शक्ति प्रदर्शन चला और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सफारी से लौटते समय पर्यटकों की जिप्सी के सामने अचानक एक बाघ और भालू आ गए। आम तौर पर इन दोनों खूंखार जानवरों का जंगल में आमना-सामना कम ही होता है, क्योंकि भालू तो बाघों के कोर इलाकों से दूर रहते हैं।
भालू अपनी पिछली टांगों पर खड़ा होकर आक्रामक
इस घटना के दौरान भालू अपनी पिछली टांगों पर खड़ा होकर आक्रामक मुद्रा में अपनी ताकत दिखाता नजर आया, जबकि बाघ बिल्कुल शांत और सतर्क मुद्रा में खड़ा रहा। काफी देर तक चले इस तनावपूर्ण माहौल के बाद बाघ ने खुद ही रास्ता बदल लिया और जंगल की ओर चला गया।घटना के समय मौके पर मौजूद जिप्सी के गाइड ने पर्यटकों को गाड़ी से न उतरने की हिदायत दी और इस दुर्लभ नजारे को अपने कैमरे में कैद कर लिया।
दुधवा टाइगर रिजर्व के सलूकापुर रेंज में पर्यटकों को कभी बाघ तो कभी गैंडों के दीदार होते ही रहते हैं। बीते दिन महाराष्ट्र से दुधवा भ्रमण पर आए पर्यटकों के दल को अत्यंत रोमांचक दृश्य देखने को मिला। पर्यटक जब सलूकापुर रेंज में भ्रणण कर रहे थे तो उन्हें एक बाघ दिखाई दिया। पर्यटक उसके दीदार का आनंद ले रहे थे कि एक भालू झाड़ियों से निकल कर अचानक बाघ के सामने आ गया।
खबरें और भी
बाघ को देखकर पहले तो भालू पीछे हटने लगा, लेकिन अचानक वह पीछे हटने की बजाय हमलावर होने के अंदाज में कूदकर आगे बढ़ गया। भालू तो बाघ के सामने आ गया पर बाघ फिर भी शांत रहा। थोड़ी देर तक तो दोनों आमने-सामने जमे रहे और उसके बाद झाड़ियों में ओझल हो गए।
बाघ व भालू को एक साथ देख कर सैलानियों का रोमांच चरम पर पहुंच गया और उन लोगों ने अपने कैमरों से फोटो व वीडियो शूट करना शुरु कर दिया। कुछ पल के इस अद्भुत मुकाबले को देख पर्यटक भी दंग रह गए और पूरा नजारा कैमरों में कैद हो गया। दुधवा का यह रोमांचक वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।