Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लखीमपुर खीरी: युवक की हत्या कर भूसे में छिपाया शव, 15 घंटे बाद मिली लाश; पिता पर कत्ल की आशंका

    Updated: Mon, 25 May 2026 01:42 PM (IST)

    लखीमपुर खीरी के भीरा में एक पिता पर अपने बेटे की हत्या कर शव को भूसे के नीचे छिपाने का आरोप लगा है। करीब 15 घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद किया और आरोपी प ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, लखीमपुर। भीरा के भवानीपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही बेटे की हत्या कर शव को घर में भूसे के नीचे छिपाने का आरोप लगा है।

    करीब 15 घंटे तक युवक का शव घर के भीतर ही पड़ा रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी। देर शाम पुलिस ने तलाशी के दौरान शव बरामद किया तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

    जानकारी के अनुसार भवानीपुर गांव निवासी 28 वर्षीय मुनीष कुमार पुत्र दयाराम रविवार सुबह से अचानक लापता हो गया था। ग्रामीणों के मुताबिक परिवार में पिछले कई दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। रविवार सुबह भी घर में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मुनीष कहीं दिखाई नहीं दिया।

    शुरुआत में परिवार के लोगों ने युवक के बाहर जाने की बात कही, लेकिन पूरे दिन कोई जानकारी न मिलने और परिवार के व्यवहार पर ग्रामीणों को शक होने लगा। देर शाम सूचना मिलने पर भीरा पुलिस गांव पहुंची और घर की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान घर में रखे भूसे के अंदर दबा मुनीष का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

    पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हत्या का सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या घर के भीतर ही की गई और बाद में शव को छिपाने के लिए भूसे में दबा दिया गया। पुलिस ने आरोपी पिता दयाराम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

    खबरें और भी

    मृतक की बहन रूपरानी ने पुलिस को तहरीर देकर पिता समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    घटना के बाद गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है। लोग हैरान हैं कि आखिर एक पिता अपने बेटे की जान कैसे ले सकता है। ग्रामीणों के मुताबिक परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि विवाद इतना खौफनाक रूप ले लेगा।

    भीरा पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

    यह भी पढ़ें- मीरजापुर में पुल‍िस मुठभेड़ में किशोरी से दुष्कर्म और हत्या का आरोपित गिरफ्तार, पैर में लगी गोली