गुजारा भत्ते के मुकदमे से नाराज था दामाद, लखीमपुर खीरी में ससुर का हत्यारा 48 घंटे में गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी में गुजारा भत्ते के मुकदमे से नाराज दामाद संतोष वर्मा ने अपने ससुर शिवसागर वर्मा की हत्या कर दी।

लखीमपुर खीरी में ससुर का हत्यारा 48 घंटे में गिरफ्तार।
HighLights
गुजारा भत्ते के मुकदमे से नाराज था दामाद।
ससुर शिवसागर वर्मा की बल्लम से की हत्या।
पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी संतोष को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। सदर कोतवाली के मथना गांव में बुजुर्ग शिवसागर वर्मा की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर राजफाश करने का दावा किया है।
पुलिस ने मृतक के दामाद संतोष वर्मा को हत्या में प्रयोग किए गए बल्लम के साथ गिरफ्तार जेल भेजा है। पुलिस के मुताबिक, गुजारा भत्ते के मुकदमे में ससुर की पैरवी करने और पैतृक जमीन कुर्क होने के डर से संतोष वर्मा ने घटना को अंजाम दिया था।
बता दें कि शनिवार देर शाम मथना निवासी शिवसागर वर्मा खेत पर चारा लेने साइकिल से गए थे।उनके साथ उनकी बेटी अनीता देवी भी स्कूटी से गई थी। चारा लेने के बाद अनीता देवी पहले घर पहुंच गई और शिव सागर वर्मा साइकिल से चारा लेेकर घर लौट रहे थे।
इस दौरान शिवालापुरवा मार्ग पर नुकीले हथियार से शिवसागर वर्मा की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की बेटी की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस घटना को लेकर रविवार को आई जी जोन लखनऊ किरण एस. ने लखीमपुर आकर एसपी से जानकारी लेकर जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने सोमवार दोपहर बाद आरोपित को गिरफ्तार जेल भेज दिया।
गुजारा भत्ते के मुकदमे को लेकर हुई थी कहासुनी
पुलिस के मुताबिक, संतोष की शादी वर्ष 2003 में अनीता देवी से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते वर्ष 2007 से अनीता अपने बेटे के साथ मायके में पिता संग रह रही थीं। भरण-पोषण के मुकदमे में शिवसागर वर्मा पैरवी कर रहे थे।
पुलिस का दावा है कि जुर्माना जमा न करने पर आरोपित को अपनी चार बीघा पैतृक जमीन कुर्क होने का डर था। इसको लेकर 16 अक्टूबर को अदालत में पेशी के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई थी। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में संतोष ने अगले दिन अपने ससुर की हत्या कर दी।
चिता के पास से गिरफ्तारी, झाड़ियों में छिपाए थे साक्ष्य
एएसपी पूर्वी सुधीर कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम लगी थी। सोमवार सुबह आरोपित को चिता के पास से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपाया गया बल्लम और घटना के समय पहनी गई खून से सनी शर्ट बरामद की। पुलिस के अनुसार, आरोपित पर हत्या के अलावा जानलेवा हमले से संबंधित एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।