लखीमपुर में एक अक्टूबर से शुरू होगी सरकारी धान खरीद, किसानों को 24 घंटे में मिलेगा भुगतान
लखीमपुर खीरी में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सरकारी धान खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी, जिसमें सामान्य धान का एमएसपी 2441 रुपये प्रति क्विंटल है। किसा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
लखीमपुर में धान खरीद 1 अक्टूबर से शुरू।
सामान्य धान का एमएसपी 2441 रुपये प्रति क्विंटल।
किसानों को 24 घंटे में बैंक खाते में भुगतान।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में सरकारी धान खरीद अभियान एक अक्टूबर से शुरू होगा। पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ लखीमपुर खीरी, हरदोई और सीतापुर सहित चयनित जिलों में धान की खरीद की जाएगी। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश और लखनऊ मंडल के अन्य जिलों में खरीद अभियान एक नवंबर से प्रारंभ होगा।
इस वर्ष सरकार ने सामान्य (कामन) धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
किसानों को एमएसपी का लाभ दिलाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। विभाग ने किसानों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
धान विक्रय के लिए 15 जुलाई से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू है। खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट डब्लयू डब्ल्यू डब्ल्यू डाट एफसीएस डाट यूपी डाट जीओवी डाट इन अथवा निकटतम जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद निर्धारित सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की बिक्री की जा सकेगी।
शासन की व्यवस्था के अनुसार किसानों को धान बिक्री के बाद 24 घंटे के भीतर भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा। इससे किसानों को समय पर भुगतान मिलने के साथ बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त होगी।
जिला खाद्य विपणन विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे पंजीकरण के समय आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, भू-अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज सही ढंग से उपलब्ध कराएं, जिससे भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए।
किसान समय रहते पंजीकरण कराएं, एमएसपी का पूरा लाभ उठाएं
सभी किसान समय रहते विभागीय वेबसाइट अथवा निकटतम जन सुविधा केंद्र पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करा लें। सही एवं समय पर पंजीकरण से सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बिक्री में कोई परेशानी नहीं होगी और एमएसपी का लाभ मिलेगा। धान खरीद के बाद 24 घंटे के भीतर भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाएगा। -नमन पांडे ,जिला खाद्य विपणन अधिकारी।