ललितपुर में नहर में डूबने से तीन युवकों की मौत, दो बचाए गए
ललितपुर के हर्षपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान नहर में नहाने गए पांच युवकों में से तीन की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने दो युवकों को सुरक् ...और पढ़ें

HighLights
हर्षपुर गांव में नहर में दुखद हादसा।
तीन युवकों की डूबने से मौत हुई।
शादी समारोह में शामिल होने आए थे।
तालबेहट (ललितपुर), जागरण संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हर्षपुर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां नहर में नहाने गए पांच युवकों में से तीन की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया है।
रिश्तेदारी में आए थे युवक
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के अशोकनगर (चंदेरी) स्थित प्राणपुर निवासी मिथुन (30), धर्मेंद्र (20) और वस्त्रावन निवासी धीरज (22) अपने परिजनों के साथ वस्त्रावन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। धीरज के चाचा के लड़के की शादी थी और गुरुवार को ही बारात उन्नाव बालाजी जानी थी। बारात रवानगी से पहले ये सभी युवक हर्षपुर स्थित अपनी बहन के घर आए थे।
एक-दूसरे को बचाने में गहराया संकट
दोपहर करीब एक बजे सभी युवक अपने जीजा जगदीश के साथ पास ही स्थित नहर में नहाने चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाते समय एक युवक गहरे पानी में जाने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में अन्य साथी भी डूबने लगे। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने जगदीश (32) और राजकुमार (30) को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन मिथुन, धीरज और धर्मेंद्र की पानी में समा जाने से मृत्यु हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक मिथुन का छह वर्ष का और धर्मेंद्र का मात्र डेढ़ वर्ष का पुत्र है। मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने और शादी की खुशियों के बीच मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खबरें और भी
मौके पर पहुंचे एसडीएम
घटना की जानकारी मिलते ही उप-जिलाधिकारी अभिजीत सिंह घटनास्थल हर्षपुर पहुँचे। जहाँ उन्होंने मौजूद लोगों से जानकारी ली। बाद में वह अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया।