ललितपुर के अटल आवासीय स्कूल में कढ़ी-चावल खाने से 38 बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती
ललितपुर के अटल आवासीय विद्यालय में कढ़ी-चावल खाने के बाद 38 छात्र-छात्राएं बीमार पड़ गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
अटल आवासीय विद्यालय में 38 छात्र कढ़ी-चावल खाकर बीमार।
उल्टी-पेट दर्द की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती।
सभी बच्चों की हालत सामान्य, भोजन के नमूने जांच को।
जागरण संवाददाता, ललितपुर। अटल आवासीय विद्यालय में कढ़ी-चावल खाने के बाद 38 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने पर उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत अब सामान्य है। श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित इस विद्यालय में लगभग 300 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। जाखलौन क्षेत्र स्थित विद्यालय में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कढ़ी-चावल परोसा गया था।
शाम करीब छह बजे एक-एक कर बच्चों को उल्टियां और पेट दर्द शुरू हो गया। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिसके बाद एंबुलेंस से सभी बच्चों को अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, जिलाधिकारी सत्यप्रकाश तथा अन्य अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और बच्चों का हालचाल लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर भोजन के नमूने जांच के लिए एकत्र किए।
उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गजेंद्र सिंह ने बताया कि 10 डॉक्टरों की टीम बच्चों का इलाज कर रही है। यदि स्वास्थ्य में सुधार इसी तरह बना रहा तो अधिकांश बच्चों को शुक्रवार तक अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।