Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लखनऊ : अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय में खुलेगा 100 बेड का मेडिकल कॉलेज, यूनिवर्सिटी ने शासन को भेजा प्रस्ताव

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 06:17 PM (IST)

    अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसमें शुरुआती तौर पर 100 एमबीबीएस सीटें होंग ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. मेडिकल कॉलेज के लिए शासन को विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया।

    2. शुरुआत में 100 एमबीबीएस सीटें होंगी, साथ में 400 बेड का अस्पताल।

    3. यह पहल चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाएगी।

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय में मेडिकल कालेज की स्थापना की तैयारी तेज हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेडिकल कालेज खोलने का विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।

    उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक ने यह घोषणा बुधवार को यूनिवर्सिटी के दूसरे दीक्षा समारोह के दौरान की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज शुरू करने का प्रस्ताव और विस्तृत डीपीआर मिला है, मुख्यमंत्री की अनुमति के बाद जल्द मंजूरी प्रदान की जाएगी। इसकी शुरुआत एमबीबीएस की 100 सीटों से होगी और इसके बाद धीरे-धीरे सीटों में वृद्धि की जाएगी।

    400 बेड का शिक्षण अस्पताल होगा

    यूनिवर्सिटी के धनवंतरी आडिटोरियम में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, परिसर में मेडिकल कालेज स्थापित करने का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना तथा सूबे में डाक्टरों की उपलब्धता बढ़ाना है। विश्वविद्यालय अब सिर्फ मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थानों को संबद्धता देने तक ही सीमित नहीं रहेगा।

    इसका अपना मेडिकल कालेज होगा, जहां एमबीबीएस की पढ़ाई होगी और मरीजों को किफायती दर पर उच्चस्तरीय इलाज मुहैया कराया जाएगा। प्रस्ताव में मेडिकल कालेज के लिए आवश्यक भवन, फैकल्टी, उपकरण, लाइब्रेरी, प्रयोगशाला और 400 बेड के शिक्षण अस्पताल को शामिल किया गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद नियामकीय प्रक्रियाएं पूरी करते हुए निर्माण और अन्य तैयारियां शुरू की जाएंगी।

    उपचार के साथ शोध कार्य को मिलेगी गति

    खबरें और भी

    कुलपति मेजर जनरल डा. अमित देवगन के मुताबिक, राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए संस्थानों की स्थापना और मौजूदा अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर रही है। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय में मेडिकल कालेज शुरू होने से प्रदेश के छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा शिक्षा का नया अवसर मिलेगा।

    साथ ही चिकित्सा अनुसंधान और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज के साथ स्थापित होने वाला 400 बेड का शिक्षण अस्पताल न केवल विद्यार्थियों के लिए क्लीनिकल प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि मध्य समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराएगा।

    भविष्य में आवश्यकता और नियामकीय स्वीकृतियों के अनुसार अस्पताल की क्षमता तथा शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार भी किया जा सकेगा। वर्तमान में अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय प्रदेश के चिकित्सा, दंत चिकित्सा, आयुष, पैरामेडिकल और नर्सिंग संस्थानों के शैक्षणिक एवं परीक्षा संबंधी कार्यों का प्रमुख केंद्र है। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि शासन से जल्द स्वीकृति मिलने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मेडिकल कालेज की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।