जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई को लेकर अखिलेश ने BJP को घेरा, बोले- भाजपा को 'शिक्षा' में भी दिखती है सांप्रदायिकता
अखिलेश यादव ने जौहर विश्वविद्यालय मामले में भाजपा पर शिक्षा में सांप्रदायिकता फैलाने और छात्र-नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्हों ...और पढ़ें

अखिलेश यादव।
HighLights
अखिलेश ने जौहर विश्वविद्यालय मामले पर भाजपा को घेरा।
भाजपा पर शिक्षा में सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाया।
किसान विरोधी नीतियों के लिए सरकार की आलोचना की।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जौहर विश्वविद्यालय मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। गुरुवार को सपा प्रमुख ने एक्स पर प्रकरण से संबंधित एक समाचार पोस्ट कर लिखा, ‘भाजपा को शिक्षा में भी सांप्रदायिकता नजर आती है। शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा के बाद मिलने वाली नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं। भाजपा शिक्षा विरोधी है।’
सपा प्रमुख ने सवाल उठाते हुए आगे लिखा कि भाजपा छात्रों, नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। भाजपा अपने अनरजिस्टर्ड संगी-साथियों के अवैधानिक भवनों को कब ढहाएगी? जब संगी-साथी ही अपंजीकृत है, तो उनके भवन, कार्यालय, संस्थान कैसे जायज होंगे?
किसानों की अनदेखी का लगाया आरोप
वहीं, एक बयान में उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी के भी आरोप लगाए। कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार की नीतियां किसान विरोधी है। किसान की आय दोगुणा करने का वादा अब केवल रद्दी में ही मिल सकता है। बढ़ती महंगाई से खेती का लागत मूल्य बढ़ता जा रहा है।
किसान को न तो समय से खाद, बीज, कीटनाशक मिल रहे है और नहीं सरकार कोई मदद दे रही है। भाजपा राज में अन्नदाता को आखिर अपनी जान ही देनी पड़ रही है। आगरा के फतेहाबाद में कर्ज से परेशान किसान पद्म सिंह ने आत्महत्या कर ली। मुख्यमंत्री ने वादे तो बहुत किए लेकिन किसानों के लिए कुछ नहीं किया।