यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर अखिलेश ने भाजपा सरकार पर उठाए सवाल, कहा- अपराधी जाएंगे जेल, 24 कैरेट असत्य
सपा प्रमुख अखिलेश यादव एक बार फिर यूपी की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि जबसे भाजपा की सरकार आई है उसका प्रशासन पर कोई नियंत्रण नही ...और पढ़ें

HighLights
- अखिलेश ने कहा- भाजपा सभी मोर्चे पर साबित हुई है विफल
- कहा, अब बहुत ही जल्द भाजपा का सत्ता से बाहर हो जाना तय है
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाख दावे करें कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधरी है, लेकिन वास्तव में तो यहीं लगता है कि अपराधियों को पुलिस का तनिक भी भय नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री कहते थे कि उनकी सरकार में अपराधी जेल में होंगे या प्रदेश से बाहर चले जाएंगे, 24 कैरेट असत्य निकला। अपराधी पूरी तरह राज्य में निर्भीक होकर सक्रिय हैं। उन्हें किसी का डर नहीं रह गया है।
अखिलेश यादव ने बयान जारी करते हुए कहा कि जबसे भाजपा की सरकार आई है उसका प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। भाजपा सभी मोर्चे पर विफल साबित हुई है। अब बहुत ही जल्द भाजपा का सत्ता से बाहर हो जाना तय है। रोज ही दबंग भूमि पर कब्जे, अपहरण, लूट और महिला अपराध के मामले में सुर्खियां बटोरते हैं।
अखिलेश ने आगे कहा, भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था कैसे सुधर सकती है? जब स्वयं सत्ता से जुड़े लोग ही संरक्षण का लाभ उठाकर मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने जौनपुर के सराय ख्वाजा में युवक को गोली मारकर हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि तीन महीने पहले उसके पिता की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
'कोई दिन ऐसा नहीं होता, जब अपराध न हो'
बाराबंकी, हरदोई, बरेली और लखनऊ के मोहनलालगंज को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि कोई दिन ऐसा नहीं होता है जब राजधानी में ही किसी न किसी महिला की चेन या पर्स नहीं लूटा जाता हो। आजकल तो साइबर क्राइम भी बहुत बढ़ गया है। ठगी की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं।