लखनऊ : AKTU में ऑनलाइन पोर्टल से होगा छात्रों की शिकायतों का समाधान, स्टूडेंट्स को कैंपस के नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) 4 अगस्त से ईआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन छात्र शिकायत निवारण पोर्टल शुरू करेगा। इससे छात्र-छात्राओं क ...और पढ़ें

HighLights
4 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन शिकायत निवारण पोर्टल।
परीक्षा परिणाम, अंकपत्र, उपाधि संबंधी शिकायतें होंगी दर्ज।
छात्रों को कैंपस आने की आवश्यकता नहीं होगी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) वर्तमान और पूर्व छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के लिए चार अगस्त से ईआरपी पोर्टल पर आनलाइन छात्र शिकायत निवारण पोर्टल शुरू करेगा।
इसके माध्यम से प्रथम चरण में परीक्षा परिणाम, परिणाम संशोधन, अंकों के अपडेट, अंकपत्र, उपाधि एवं परीक्षा से संबंधित सभी शिकायतें अब केवल आनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जाएंगी। इसके लिए छात्र-छात्राओं को कैंपस आने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया ने बताया कि अभी तक समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश भर के संबद्ध कालेजों के छात्र-छात्राएं कालेज आते हैं।आनलाइन की सुविधा भी है, लेकिन अब उसे और अपडेट किया गया है। उन्होंने बताया कि चार अगस्त से शुरू होने वाले इस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के बाद प्रत्येक छात्र-छात्रा को एक विशिष्ट शिकायत संख्या (यूनिक ग्रिवांस आइडी) दी जाएगी।
निर्धारित समय-सीमा पर होगा निस्तारण
इसके माध्यम से वह किसी भी समय अपनी शिकायत की स्थिति और निस्तारण की प्रगति आनलाइन देख सकेंगे। पोर्टल पर दर्ज शिकायतें स्वतः संबंधित विभाग को भेजी जाएंगी और उनका निर्धारित समय-सीमा के अंदर निस्तारण किया जाएगा।
साथ ही, शिकायत से संबंधित सभी अद्यतन जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। यदि ईआरपी पोर्टल में दर्ज मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी के सत्यापन अथवा अपडेट की आवश्यकता हो, तो छात्र-छात्रा समय रहते उसे संशोधित करा लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। पोर्टल के उपयोग या ईआरपी से संबंधित किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में छात्र-छात्राएं studenthelp@aktu.ac.in पर ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक निर्देश
-शिकायत दर्ज करते समय सभी जानकारियां सही और पूरी तरह भरें।
-आवश्यक दस्तावेज स्पष्ट और पठनीय रूप में अपलोड करें।
-विश्वविद्यालय के ईआरपी पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सक्रिय रखें, ताकि ओटीपी और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।
-पोर्टल लिंक: https://erp.aktu.ac.in/Webpages/StudentServices/frmStudentGrievance.aspx