मुरादाबाद से गिरफ्तार किए गए हारिस अली को रिमांड पर लेगा ATS, करना चाहता था बड़ी आतंकी वारदात
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने सहारनपुर निवासी हारिस अली की रिमांड मांगी है, जिसे प्रतिबंधित आतंकी संगठन आइसिस के लिए काम करने और देश में आतंक फैलाने ...और पढ़ें

HighLights
एटीएस ने आइसिस आतंकी हारिस अली की रिमांड मांगी।
हारिस अली आइसिस की विचारधारा फैला रहा था।
भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाने की थी साजिश।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रतिबंधित आतंकी संगठन आइसिस के लिए काम करने वाले सहारनपुर निवासी हारिस अली से पूछताछ के लिए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने अदालत में अर्जी दी है। एटीएस की कोशिश है कि हारिश को कम से कम एक सप्ताह के रिमांड पर सौंपा जाए। उसे पिछले सोमवार को देश में आतंक फैलाने की कोशिश करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपित मुरादाबाद के एक निजी मेडिकल कॉलेज से बीडीएस का छात्र है और इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म के जरिए वह आइसिस की विचारधारा का प्रचार कर रहा था।
एटीएस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की थी, लेकिन उस समय आरोपित ने एटीएस को कोई खास जानकारी नहीं दी थी। एटीएस की जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपित ने कई युवाओं को आइसिस के साथ जोड़ा था और उनके साथ लगातार संपर्क में भी था।
वह भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाने के लिए बड़ी आतंकी वारदात करने के फिराक में था। उसने कश्मीर में एक सप्ताह का प्रशिक्षण भी हासिल किया था। आइसिस से उसे क्रिप्टो करेंसी के रूप में लगातार फंडिग की जा रही थी, जिसका इस्तेमाल वह आइसिस की विचारधारा को प्रचारित व प्रसारित करने के लिए करता था। एटीएस की अर्जी पर अदालत में सोमवार को सुनवाई होगी।