Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'बेमौसम बारिश से फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कर पहुंचाएं राहत', CM योगी ने जिलाधिकारियों को दिए ये आदेश

    Updated: Fri, 20 Mar 2026 10:21 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान पर अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों को फील्ड में ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा।

    2. जिलाधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने का निर्देश।

    3. फसलों के नुकसान का त्वरित आकलन कर मुआवजा वितरण करें।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में असमय बारिश को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। फसलों के नुकसान का त्वरित आकलन कर राहत पहुंचाएं।

    मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं फील्ड में निकलकर स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल कागजी न होकर वास्तविक स्थिति के आधार पर किया जाए, ताकि किसानों को सही और समय पर सहायता मिल सके।

    मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया है कि वह फील्ड स्तर पर कार्य कर रहे अधिकारियों से सीधा संपर्क और समन्वय बनाए रखें। सभी सूचनाएं समय पर एकत्रित कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि फसलों को हुई क्षति का आकलन प्राप्त होते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। भुगतान व्यवस्था पारदर्शी और समयबद्ध हो, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

    मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और किसी भी आपदा की स्थिति में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों से कहा कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- लखनऊ में इस जगह 245 एकड़ जमीन पर बनेगा नया व‍िधान भवन, तैयार हो रहा ड‍िजाइन; CM योगी के सामने होगा प्रजेंटेशन