श्रद्धालुओं को रेलवे की बड़ी सौगात, अयोध्या धाम स्टेशन पर अब 2 नहीं, 5 मिनट रुकेंगी 10 प्रमुख ट्रेन
रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अयोध्या धाम स्टेशन पर पांच जोड़ी ट्रेनों का ठहराव दो से बढ़ाकर पांच मिनट कर दिया है, जो 3 से 5 अगस्त तक विभिन्न ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
अयोध्या धाम पर 10 ट्रेनों का ठहराव अब 5 मिनट।
आरआरबी परीक्षा हेतु मऊ-बरेली स्पेशल ट्रेन 24 अगस्त तक।
ऐशबाग रेलवे पॉलीक्लिनिक में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने पांच जोड़ी ट्रेनों का ठहराव अयोध्या धाम स्टेशन पर दो से बढ़ाकर पांच मिनट करने का आदेश दिया है।
उत्तर रेलवे द्वारा विभिन्न ट्रेनों के ठहराव समय में बदलाव करते हुए ट्रेन संख्या 19167 साबरमती एक्सप्रेस का 3 अगस्त से, 19168 साबरमती एक्सप्रेस, 15744 व 15743 फरक्का एक्सप्रेस, 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस और 13152 व 13151 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस का 4 अगस्त से और 19165 व 19166 साबरमती एक्सप्रेस का 5 अगस्त से स्टेशन पर ठहराव 2 मिनट की जगह बढ़ाकर 5 मिनट कर दिया गया है।
मऊ-बरेली परीक्षा स्पेशल
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से आयोजित लेवल-1 (ग्रुप-डी) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे दो से 24 अगस्त तक स्पेशल ट्रेन चलाएगा।
05185 मऊ-बरेली स्पेशल मऊ से सुबह 11:45 बजे चलकर बादशाह नगर से रात 8: 30 बजे, डालीगंज से 9: 25 बजे होते हुए सीतापुर, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा , इज्जतनगर, बरेली सिटी होकर बरेली सुबह 6:10 बजे पहुंचेगी। 05186 स्पेशल बरेली से तीन से 25 अगस्त तक दोपहर 3: 25 बजे चलकर डालीगंज से रात 12: 05 बजे, बादशाह नगर से 12: 45 बजे होकर मऊ सुबह 8:20 बजे पहुंचेगी।
जागरूक किया
विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर ऐशबाग स्थित रेलवे पालीक्लिनिक में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. संजय तिवारी ने कहा कि शिशुओं के स्वास्थ्य, सही पोषण और स्तनपान के प्रति माताओं एवं परिवारों में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। इस दौरान महिलाओं को स्तनपान के महत्व, सही तकनीक एवं पोषण संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी।
निरीक्षण किया
उत्तर रेलवे के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने लखनऊ स्टेशन का निरीक्षण किया। रेल भूमि विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर लखनऊ स्टेशन पर चल रहे विभिन्न पुनर्विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता, समयबद्धता एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त की।