भाजपा का 'संत रविदास समरसता संकल्प अभियान' शुरू, यूपी के 1918 मंडलों में जलाए गए 60 हजार दीप
भाजपा ने गुरु पूर्णिमा पर वाराणसी से 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' शुरू किया, जिसके तहत 1918 मंडलों में 60 हजार दीप जलाए गए। ...और पढ़ें

रविदास घाट पर दीप जलाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
HighLights
भाजपा ने वाराणसी से संत रविदास समरसता अभियान शुरू किया।
प्रदेश के 1918 मंडलों में 60 हजार दीप जलाए गए।
अभियान का उद्देश्य सामाजिक समन्वय और जागरूकता फैलाना है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। संत रविदास ने अपने आचरण, विचार एवं संदेशों से जनजागरूकता का उजियारा किया, जिसे समाज में एक वरदान की तरह देखा जाता है। भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य की उपस्थिति में गुरु पूर्णिमा के दिन वाराणसी से श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया, जो 20 फरवरी तक चलेगा।
प्रदेशभर के 1918 मंडलों में कुल 60 हजार दीप जलाकर संत रविदास के संदेशों का प्रकाश फैलाया। इस बहाने भाजपा ने सामाजिक समीकरण साधते हुए सभी वर्ग के लोगों में समन्वय का प्रयास किया है।
प्रदेश अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत ने बताया कि कार्यक्रम पांच चरणों में चलेगा। पहले दिन हर मंडल में कम से कम पांच रविदास मंदिरों पर दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया। जहां पर संत रविदास के मंदिर नहीं हैं, वहां अन्य मंदिरों में दीपदान एवं पूजन किया गया।
हर मंडल में प्रत्येक स्थान पर 65-65 दीये जलाए गए। सांसद, विधायक, एमएलसी एवं संगठन के शीर्ष पदाधिकारी भी पहुंचे। विधान सभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने सुरक्षित सीटों पर विशेष फोकस किया। पार्टी ने इसे सनातन समाज को एक साथ लाने के अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की रणनीति बनाया है।
आने वाले दिनों में कलश पूजन, भजन, कीर्तन, संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी, साथ ही लोधी वंश के दौर में धर्मांतरण के विरुद्ध डटकर खड़े होने वाले संत रविदास को भाजपा एक उदाहरण बनाकर इसे राजनीतिक मुद्दा भी बना सकती है। उधर, विश्व हिन्दू परिषद ने भी धर्मांतरण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के लिए गांव-गांव जाने का निर्णय लिया है।