बसपा मुखिया मायावती ने भतीजे आकाश को मैदान में उतारा, बतौर प्रभारी घोषित करेंगे विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी
BSP: अब बसपा की रणनीति जिलों में उम्मीदवारों की घोषणा के साथ आकाश की सभाएं कराने और पूरे प्रदेश को मथने की है। ...और पढ़ें

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती-पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद
HighLights
आकाश आनंद हाथरस से शुरु करेंगे विधानसभा चुनाव 2027 का अभियान
लोकसभा चुनाव के बाद अब दस अगस्त को हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में करेंगे सभा
जिलों में आयोजित सभा में विधान सभा प्रत्याशी की बतौर प्रभारी करेंगे घोषणा
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी वर्ष 2027 के विधान सभा चुनावों की तैयारी में जोरदार ढंग से जुट गई है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती लखनऊ प्रवास के दौरान वरिष्ठ नेताओं के साथ लगातार चुनाव पर मंथन कर रही थीं और अब उसको धरातल पर उतारा जा रहा है।
बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती अब अपने भतीजे और पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद को मैदान में उतारने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद दस अगस्त को हाथरस की सादाबाद विधान सभा सीट से पार्टी उम्मीदवार के नाम को बतौर प्रभारी घोषणा करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित कर चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगें।
कभी बसपा का गढ़ था हाथरस
हाथरस कभी बसपा का गढ़ रहा था और कद्दावर नेता स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय ने सादाबाद के साथ ही यहां के सिकंदराराव विधानसभा से पार्टी का प्रतिनिधित्व किया। वह पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के खास सिपहसलार भी थे। अब बसपा की रणनीति जिलों में उम्मीदवारों की घोषणा के साथ आकाश की सभाएं कराने और पूरे प्रदेश को मथने की है।
पार्टी से युवा पीढ़ी को जोड़ने की रणनीति
वर्ष 2007 में पूर्व बहुमत की सरकार बनाने वाली बसपा उसके बाद से हर चुनाव में कमजोर प्रदर्शन कर रही है। इस बार मायावती की कोशिश पुराने सोशल इंजीनियरिंग का फार्मूले के साथ अपने अनुसूचित वोट पर दोबारा पकड़ मजबूत करने की है। इसके लिए पार्टी ने अभी से उम्मीदवारों की घोषणा करना शुरू कर दिया है। इसके साथ आकाश आनंद को प्रचार अभियान में उतारने के पीछे भी पार्टी से युवा पीढ़ी को जोड़ने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
खबरें और भी
अविन शर्मा सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से प्रभारी
आकाश सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से दस अगस्त को पार्टी उम्मीदवार (विधान सभा क्षेत्र का प्रभारी) अविन शर्मा के नाम की घोषणा करेंगे। बसपा चयनित प्रत्याशी को पहले विधानसभा प्रभारी बनाती है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद विधिवत चयनित प्रत्याशियों की सूची जारी करती है। बसपा पहले के चुनावों के इस तरह पार्टी प्रत्याशियों के नाम की घोषणा मंडलीय कोआर्डिनेटर के स्तर से की जाती रही है। सादाबाद के बाद 25 अगस्त को जेवर में भी आकाश आनंद की सभा होगी।
प्रत्याशी चयन का काम जल्द से जल्द पूरा हो
पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब तक अकेले ही विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरने की घोषणा करती रही बसपा प्रमुख चाहती हैं कि 403 विधानसभा सीटों में से आधी से अधिक पर प्रत्याशी चयन का काम जल्द से जल्द पूरा हो जाए ताकि उन सीटों पर अभी से व्यापक तैयारी कर पार्टी की स्थिति मजबूत की जा सके। ऐसा होने पर भविष्य में दूसरी पार्टी से गठबंधन की संभावना बनती है तो संबंधित सीटों पर मजबूती के साथ दावा किया जा सके।
35 सीटों के प्रभारी तय
इसी रणनीति के तहत लगभग 15 सीटों के प्रभारी घोषित करने के साथ ही उनके 20 अन्य के नाम भी लगभग तय ही हैं। मायावती के स्तर से प्रभारी के नाम की हरी झंडी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर नाम की घोषणा करने के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। प्रभारी के रूप में चयनित प्रत्याशियों में मुस्लिम समाज के साथ ही ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य व पिछड़ी जातियों के हैं।