लखीमपुर में सीएनजी कार में लगी आग, एसएसबी जवानों ने संभाला मोर्चा और बचा ली छह लोगों की जान
Fire in Car: कार में फंसे यात्रियों की चीखें सुनते ही कजरिया सीमा चौकी पर तैनात एसएसबी जवान घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए प ...और पढ़ें

एसएसबी जवानों की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और साहस ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
HighLights
कजरिया सीमा चौकी के पास शॉर्ट सर्किट से अर्टिगा कार में लगी आग
ग्रामीणों के साथ मिलकर जवानों ने बड़े हादसे को टाला
संवाद सूत्र, लखीमपुर। गौरीफंटा के कजरिया सीमा चौकी के पास शुक्रवार देर शाम पीलीभीत से आ रही सीएनजी अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही क्षणों में वाहन जलकर खाक हो गया।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों की सतर्कता और साहस ने इसी दौरान कार में सवार छह लोगों की जिंदगी बचा ली। कार में सवार लोग चीख-पुकार मचाने लगे, लेकिन एसएसबी जवानों और आसपास के ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना दौड़कर सभी छह यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
शाहजहांपुर के खुटार के प्रभाकर वर्मा पुत्र सुरेंद्र पाल वर्मा पांच अन्य परिचितों के साथ अर्टिगा कार (यूपी 27 बीक्यू 9602) से गौरीफंटा जा रहे थे। देर शाम करीब सात बजे गौरीफंटा के अधीन कजरिया बीओपी से लगभग 200 मीटर पहले अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण कार में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
कार में फंसे यात्रियों की चीखें सुनते ही कजरिया सीमा चौकी पर तैनात एसएसबी जवान घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए पहुंच गए। जवानों और ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए कार के दरवाजे खोले। एक-एक कर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर बाद पूरी कार धू-धूकर जलने लगी।
सीएनजी वाहन होने के कारण किसी भी समय बड़ा विस्फोट हो सकता था। यदि राहत कार्य में कुछ मिनटों की भी देरी होती तो हादसा भयावह रूप ले सकता था। एसएसबी जवानों की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और साहस ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। घटना के बाद क्षेत्र में एसएसबी के जवानों और मदद के लिए आगे आए ग्रामीणों की बहादुरी की जमकर सराहना हो रही है।