विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेश में छिपाई काली कमाई पर कसेगा शिकंजा, 16 देशों के अधिकारियों को 'मनी ट्रेल' पकड़ने का गुर सिखाएगी CBI

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Thu, 05 Nov 2026 06:01 AM (IST)

सीबीआइ गाजियाबाद अकादमी में 16 देशों के अधिकारियों को वित्तीय जांच और विदेश में छिपाई काली कमाई का पता लगाने का प्रशिक्षण दे रही है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. सीबीआइ 16 देशों के अधिकारियों को वित्तीय जांच का प्रशिक्षण देगी।

  2. विदेश में छिपाई अवैध संपत्तियों की पहचान करना मुख्य लक्ष्य।

  3. भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों की बरामदगी पर जोर दिया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भ्रष्टाचार की कमाई को दूसरे देशों में निवेश कर छिपाने और अपराध से अर्जित संपत्तियों को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए जांच एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय की जरूरत है। इसी चुनौती से निपटने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) अब 16 देशों के अधिकारियों को वित्तीय जांच, मनी ट्रेल का पता लगाने और विदेश में छिपाई गई अवैध संपत्तियों की पहचान करने का प्रशिक्षण देगी।

गाजियाबाद स्थित सीबीआइ अकादमी में बुधवार से एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है। इसमें 16 देशों- बोत्सवाना, इथियोपिया, घाना, इराक, लेबनान, मेडागास्कर, मालदीव, माली, मारीशस, म्यांमार, नामीबिया, नाइजीरिया, पनामा, पराग्वे, तंजानिया और जिम्बाब्वे के 24 अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। विदेश मंत्रालय के भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आइटीईसी) कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्घाटन सीबीआइ अकादमी के निदेशक सुहैल शर्मा ने किया।

सिखाएंगे जांच क व्यावहारिक तरीके

उन्होंने भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों का पता लगाने और उनकी बरामदगी में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। अलग-अलग देशों की जांच एजेंसियों के बीच समन्वित प्रयासों को ऐसी जांचों की प्रभावशीलता के लिए जरूरी बताया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को भारत के भ्रष्टाचार निरोधक कानूनी और संस्थागत ढांचे की जानकारी देने के साथ वित्तीय अपराधों की जांच के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे।

इसमें अपराध से अर्जित रकम की पहचान, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की पड़ताल, संपत्तियों को कुर्क करने और जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया तथा विदेशों में मौजूद अवैध संपत्तियों की बरामदगी के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे विषय शामिल हैं। खास बात यह है कि भ्रष्टाचार के मामलों में केवल आरोपित की गिरफ्तारी या अभियोजन ही नहीं, बल्कि अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाना और उसे वापस हासिल करना भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

यह भी पढ़ें- बिहार के 'जंगलराज' की तर्ज पर यूपी में भाजपा का 'गुंडाराज' दांव, सपा के पुराने दौर को मुद्दा बनाने की रणनीति

कई मामलों में रकम और संपत्तियां अलग-अलग देशों में होने से जांच एजेंसियों के सामने अधिकार क्षेत्र और सूचनाएं हासिल करने की चुनौती आती है। प्रशिक्षण में इन्हीं पहलुओं पर अधिकारियों का कौशल विकसित किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।