यूपी विद्युत उत्पादन निगम और कोल इंडिया के बीच हुआ समझौता, ग्रीन एनर्जी को मिलेगी गति
कोल इंडिया लिमिटेड और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड ने प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के लिए एक संयुक्त उपक्रम समझौते पर हस्ताक्षर ...और पढ़ें

हरित ऊर्जा को गति देने के लिए कोल इंडिया और विद्युत उत्पादन निगम की साझेदारी।
HighLights
कोल इंडिया और यूपीआरवीयूएनएल ने किया संयुक्त उपक्रम समझौता।
प्रदेश में सौर, पवन सहित नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं होंगी विकसित।
हरित ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा, कार्बन उत्सर्जन में आएगी कमी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को नई गति देने के लिए शुक्रवार को कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (यूपीआरवीयूएनएल) ने संयुक्त उपक्रम समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के तहत प्रदेशभर में सौर, पवन, फ्लोटिंग सोलर, रूफटाप सोलर और पंप्ड स्टोरेज जैसी नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं का विकास किया जाएगा।
समझौते पर उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी और कोल इंडिया के निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) आशीष कुमार की उपस्थिति में हस्ताक्षर हुए।समझौते के अनुसार 51:49 की हिस्सेदारी के साथ नई संयुक्त उद्यम कंपनी बनाई जाएगी। इसमें 51 प्रतिशत हिस्सेदारी कोल इंडिया और 49 प्रतिशत हिस्सेदारी यूपीआरवीयूएनएल की होगी।
यह कंपनी परियोजनाओं के विकास, वित्तपोषण, निर्माण, संचालन और रखरखाव का कार्य करेगी। इस रणनीतिक साझेदारी से कोल इंडिया की वित्तीय क्षमता और परियोजना क्रियान्वयन विशेषज्ञता को यूपीआरवीयूएनएल के विद्युत उत्पादन अनुभव के साथ जोड़ा जाएगा। इससे प्रदेश में हरित ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा, विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार यह संयुक्त उपक्रम उत्तर प्रदेश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, स्वच्छ ऊर्जा निवेश को बढ़ावा देने और सतत आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस अवसर पर इन्वेस्ट यूपी सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।