सीएम योगी आदित्यनाथ का किसानों के साथ संवाद, अब बड़ी कंपनियों के साथ ‘कुबेर’ भी आना चाहते हैं जेवर
Farmers of Jewer With CM: मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है। ...और पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ का किसानों के साथ संवाद
HighLights
एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों से मुख्यमंत्री बोले आपने इतिहास रच दिया
पहली उड़ान से लखनऊ पहुंचे किसानों का मुख्यमंत्री आवास पर सम्मान
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बदलेगा आने वाली पीढ़ियों की तकदीर : योगी आदित्यनाथ
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। गौतमबुद्ध नगर के जेवर की धरती से उठी विकास की उड़ान अब वैश्विक संभावनाओं के आसमान को छूने जा रही है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन देने वाले 170 किसान जब पहली व्यावसायिक उड़ान से लखनऊ पहुंचे तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि जेवर अब सिर्फ एक कस्बा नहीं, बल्कि नए भारत की आर्थिक शक्ति का केंद्र बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने किसानों को श्रेय देते हुए कहा कि उनके विश्वास और त्याग ने वह इतिहास रचा है, जहां अब दुनिया की बड़ी कंपनियों के साथ-साथ ‘कुबेर’ भी आना चाहते हैं। मुख्यमंत्री आवास पर जेवर से आए किसानों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। किसानों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट से पहली व्यावसायिक फ्लाइट संचालन के लिए इंडिगो का भी आभार जताया।
किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जब उनकी सरकार ने जेवर में एयरपोर्ट निर्माण का प्रस्ताव पारित किया था, तब भूमि अधिग्रहण आसान नहीं था। उन्होंने स्वयं किसानों से संवाद कर उन्हें विश्वास दिलाया कि यह एयरपोर्ट केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की तकदीर बदलने वाला कदम साबित होगा।
किसानों ने उन पर भरोसा किया और आज वही भरोसा ऐतिहासिक उपलब्धि में बदल गया है। उन्होंने कहा कि समय हर किसी के जीवन में अवसर लेकर आता है, जो उसे पहचान लेता है, वह इतिहास बनाता है और जो अवसर गंवा देता है, वह पीछे छूट जाता है।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत के एविएशन सेक्टर की सबसे बड़ी संभावनाओं में से एक है। इससे प्रदेश के किसान अपने उत्पाद सीधे वैश्विक बाजार तक पहुंचा सकेंगे और उन्हें बेहतर मूल्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि कभी अपराध और अव्यवस्था के लिए चर्चा में रहने वाला यह क्षेत्र आज निवेश, रोजगार और आधुनिक विकास का केंद्र बन रहा है।
उन्होंने कहा कि यहां फूड प्रोसेसिंग यूनिट, सेमीकंडक्टर उद्योग, डाटा सेंटर, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, आइटी एवं इलेक्ट्रानिक्स सिटी जैसी अनेक परियोजनाएं आकार ले रही हैं। दुनिया के पांच प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय भी यहां अपने कैंपस स्थापित करने की तैयारी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों से वादा किया था कि उन्हें उनकी अपेक्षा से अधिक सम्मान और उचित मुआवजा मिलेगा। सरकार ने बिना किसी बिचौलिए के सीधे किसानों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया। यही कारण है कि आज किसान स्वयं इस विकास यात्रा के सहभागी बने हैं। उन्होंने कहा कि जेवर क्षेत्र में आने वाले निवेश के साथ बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
यह भी पढ़ें- जेवर गांव से ही पहली बार हवाई सफर कर भावुक हुए किसान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया धन्यवाद
मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि 28 महिलाओं सहित कुल 170 किसानों ने पहली उड़ान के माध्यम से इस ऐतिहासिक यात्रा में भागीदारी की है और यह अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
यह भी पढ़ें- बॉलीवुड एक्ट्रेस गुल पनाग ने भी उठाया Lucknow-Noida फ्लाइट का आनंद, सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह,अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, इंडिगो के स्पेशल डायरेक्टर आरके सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- Noida Airport: जिन खेतों से आसमान में उड़ते देखे थे जहाज, आज उन्ही खेतों से भरी आसमान में उड़ान