यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीतापुर पत्रकार हत्याकांड पर अखिलेश यादव का रिएक्शन, कहा- भ्रष्टाचार उजागर करने वालों की हो रही हत्या
सीतापुर में दैनिक जागरण के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हत्या के मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा कि ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सीतापुर में दैनिक जागरण के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हत्या मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार इस स्तर तक पहुंच गया है कि ऐसे मामलों को उजागर करने वाले पत्रकारों को धमकियां मिल रही है।
उनकी हत्या तक हो जाती हैं। सीतापुर में पत्रकार को गोलियों से छलनी करने पर सरकार खामोश है। अगर एक पत्रकार सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की क्या स्थिति होगी, इसका बस अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं भाकपा (माले) ने भी घटना की निंदा की है।
अखिलेश ने ेभाजपा पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। सरकारी विभागों में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिला हुआ है।
पत्रकार की दिन दहाड़े हत्या कानून व्यवस्था पर भाजपा सरकार की जीरों टालरेंस की नीति की पोल खोल रही है। जब सरकार खुद हिस्ट्रीसीटरों और अपराधियों का विधानसभा में खड़े होकर महिमामंडन करेगी तो कानून व्यवस्था कैसे सुधरेगी?
वहीं भाकपा (माले) के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले ईमानदार व निर्भीक पत्रकार भी योगी सरकार में सुरक्षित नहीं है। अपराधी दिनदहाड़े उनकी हत्या कर रहे हैं। भाजपा सरकार के अनुसार अपराधी या तो प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं या जेलों में बंद हैं। अगर यह सच है तो पत्रकार की हत्या कैसे कर दी गई?
खबरें और भी
‘योगी सरकार में सच बोलना व कहना अपराध’
योगी सरकार में सच बोलना व कहना अपराध है। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर सरकारी बुलडोजर तैयार खड़े हैं। माफिया के खिलाफ बोलने पर गोली मार दी जाती है। आम आदमी ने ऐसी सरकार की अपेक्षा नहीं की थी। निरंकुशता व भ्रष्टाचार शासन के अंग बन गए हैं। ये बातें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को महोली में भाजपा सरकार पर हमलावर होते हुए कहीं।

इससे पहले वह सुबह 8.30 बजे महोली के विकास नगर स्थित पत्रकार के घर पहुंचे और पीड़ित परिवार काो सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि दो दिन में वारदात का अनावरण नहीं होने पर कांग्रेस पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में आम आदमी सुरक्षित नहीं है। सब तरफ भय का माहौल है।
दैनिक जागरण के बहादुर पत्रकार साथी ने धान खरीद गड़बड़ी व जमीन खरीद में स्टांप चोरी को उजागर किया था। इसलिए उनकी हत्या की गई है। पुलिस, अधिकारी व अपराधियों में गठजोड़ है। इसे पत्रकार ने उजागर किया था। महोली में यह गठजोड़ अवैध कार्यों में संलिप्त है।
इसका सच उजागर करने के बाद पत्रकार को जान देनी पड़ी। उन्होंने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये आर्थिक सहायता तथा पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग उठाई। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी, प्रदेश सचिव सुभाष राजवंशी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र वर्मा, प्रदीप चौहान, डा.अवधेश श्रीवास्तव, सुधीर पांडेय, चोक्ष विभु व रामासरे अवस्थी आदि उपस्थित रहे।