Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली सेंट्रल जेल का कैदी दारोगा भर्ती का पेपर देने पहुंचा लखनऊ, इस बड़े जुर्म की काट रहा है सजा

    Updated: Sun, 15 Mar 2026 09:36 PM (IST)

    दिल्ली की सेंट्रल जेल में बंद साइबर जालसाजी के आरोपित अंकित त्रिपाठी ने कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ में यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा दी। मोहनलालगंज स्थि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआइ) व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को एक अनोखा मामला चर्चा में रहा। दिल्ली की सेंट्रल जेल में बंद एक आरोपित भी कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ पहुंचकर परीक्षा में शामिल हुआ। मोहनलालगंज स्थित केंद्र पर बंदी के परीक्षा देने की खबर पूरे दिन अभ्यर्थियों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

    वहीं दो दिन तक चली परीक्षा रविवार को राजधानी के 54 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सकुशल संपन्न हो गई। परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के बीच प्रश्नपत्र और उत्तरों को लेकर चर्चा का दौर चलता रहा। शनिवार को आए हिंदी प्रश्नपत्र के एक सवाल को लेकर शुरू हुई बहस रविवार को भी इंटरनेट मीडिया और अभ्यर्थियों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

    पहले ही भर दिया था फॉर्म

    पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रयागराज निवासी अंकित त्रिपाठी साइबर जालसाजी के एक मामले में दिल्ली की सेंट्रल जेल में बंद है। उसने पहले से एसआइ भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था। उसका परीक्षा केंद्र लखनऊ के मोहनलालगंज कस्बा स्थित काशीश्वर इंटर कालेज में निर्धारित किया गया था। परीक्षा में शामिल होने के लिए अंकित ने अदालत में अर्जी दी थी।

    अदालत से अनुमति मिलने के बाद रविवार को दिल्ली पुलिस की टीम उसे कड़ी सुरक्षा में लेकर लखनऊ पहुंची। पुलिस अभिरक्षा में उसे सीधे परीक्षा केंद्र ले जाया गया, जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसने परीक्षा दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपित बंदी को अपने साथ वापस दिल्ली लेकर चली गई।

    पूरे इलाके में रही चर्चा

    खबरें और भी

    मोहनलालगंज क्षेत्र में बंदी के परीक्षा देने की खबर फैलते ही अभ्यर्थियों और स्थानीय लोगों में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई। कई अभ्यर्थी केंद्र के बाहर इस मामले पर बातचीत करते नजर आए। इंटरनेट मीडिया पर भी यह मामला काफी चर्चा में रहा।

    उधर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित यह परीक्षा राजधानी के 54 स्कूल-कालेजों में कराई गई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चली।

    दोन दिन में शामिल होने थे 89 हजार अभ्यर्थी

     भर्ती बोर्ड के अनुसार इस परीक्षा में लगभग 89 हजार अभ्यर्थियों को शामिल होना था। हालांकि दोनों दिन मिलाकर करीब 78 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी थी। दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

    यह भी पढ़ें- अब यूपी पुलिस की पोस्ट ने 'पंडित' शब्द विवाद को दिया तूल, दारोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए प्रश्न में इसका जिक्र था

    कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई। कुछ जगहों पर परीक्षार्थियों से जूते तक उतरवाए गए, वहीं महिला अभ्यर्थियों से पायल और बिछिया भी उतरवा दी गई। परीक्षा के दौरान केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।