जमीन घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, गाजियाबाद के बिल्डर संदीप सिंह से होगी पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गाजियाबाद के बिल्डर संदीप सिंह से भूमि घोटाले के संबंध में पूछताछ की तैयारी शुरू कर दी है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
ईडी गाजियाबाद के बिल्डर संदीप सिंह से भूमि घोटाले में पूछताछ करेगा।
आरोपित ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को फ्लैट देने का वादा तोड़ दिया।
ईडी ने चार ठिकानों पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज जब्त किए।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गाजियाबाद के बिल्डर संदीप सिंह से पूछताछ की तैयारी शुरू कर दी है। ईडी अगले सप्ताह आरोपित को पूछताछ के लिए नोटिस भेजेगा। ईडी की लखनऊ जोनल इकाई ने गुरुवार को गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली में आरोपित तथा सेवा सुरक्षा सहकारी आवास समिति के पदाधिकारियों से जुड़े चार ठिकानों पर छापेमारी की थी।
इस दौरान ईडी की टीम को कई अहम दस्तावेज मिले हैं। ईडी ने इस मामले में पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की है।
264 फ्लैट बनाकर देने का किया था वादा
ईडी की अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि श्रेष्ठ प्रापबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संदीप सिंह भूमि घोटाले के मुख्य लाभार्थी है। आरोपित ने सशस्त्र सीमा बल के सेवानिवृत्त अधिकारियों की सेवा सुरक्षा सहकारी आवास समिति के सदस्यों को आधी जमीन पर 264 फ्लैट बनाकर देने का वादा किया था। इसके बदले समिति की शेष आधी जमीन के विकास और बिक्री के अधिकार अपने पक्ष में ले लिए थे।
एफआईआर के अनुसार, तय समय में फ्लैट देने या देरी होने पर मासिक किराया देने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन परियोजना पूरी नहीं की गई।
आरोप है कि संदीप सिंह ने समझौते का दुरुपयोग करते हुए लगभग 41,544 वर्गमीटर भूमि का आधा हिस्सा तीसरे पक्ष को बेच दिया, जबकि समिति के सदस्यों को उनके फ्लैट नहीं मिले। ईडी अब इस मामले में अपराध से अर्जित धन, धन के प्रवाह, संपत्तियों की खरीद और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहा है।