लखनऊ में शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर उतरे इंटर कॉलेज के छात्र, जाम में फंसे मंत्री असीम अरुण ने समझाया
Protest By Gen Alfa in Lucknow: जाम में फंसे समाज कल्याण मंत्री पूर्व आईपीएस अधिकारी असीम अरुण कार से उतरे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाकर जाम खुलवाया।
HighLights
स्कूल ड्रेस में सड़क पर उतरे छात्र और लगाया जाम
छात्रों ने किया प्रदर्शन, पोस्टर लहराए और नारेबाजी की
मंत्री के साथ समाज कल्याण विभाग के सचिव अनुराग यादव ने भी बच्चों को समझाया
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं यानी जेन जी के अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने का असर बढ़ता ही जा रहा है, अब Gen Alpha भी प्रदर्शन करने के साथ सड़क जाम करने लगे हैं।
लखनऊ में बुद्धेश्वर चौराहे से आगरा एक्सप्रेस वे जाने वाले मार्ग पर जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क जाम करने के साथ प्रदर्शन किया। लखनऊ में Gen Alpha के इस प्रोटेस्ट के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया और जाम में फंसे समाज कल्याण मंत्री पूर्व आईपीएस अधिकारी असीम अरुण कार से उतरे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाकर जाम खुलवाया। मंत्री के साथ ही समाज कल्याण विभाग के सचिव आईएएस अधिकारी अनुराग यादव ने भी छात्रों को समझाया।
जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, पारा के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के सामने कुछ ही देर में बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और मार्ग घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी।
बुद्धेश्वर में मोहान रोड पर जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्र स्कूल की अव्यवस्थाओं और शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर उतर आए। छात्रों ने मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। छात्रों ने खराब भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी शिकायतें कीं।
पारा पुलिस ने छात्रों को समझाने के साथ यातायात व्यवस्था बहाल कराने का प्रयास शुरू किया, लेकिन नाकाम रही। छात्रों के प्रदर्शन से व्यस्त मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। कन्नौज जा रहे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का काफिला भी जाम में फंस गया। प्रदर्शन की जानकारी होने पर वह वाहन से उतरकर छात्रों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की।
छात्रों ने मंत्री को बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी छात्रों ने शिकायतें कीं। बताया कि उनकी शिकायतों की सुनवाई नहीं हो रही। कई बार विद्यालय से इसे बारे में बताया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
मंत्री ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद मंत्री छात्रों के साथ विद्यालय पहुंचे और वहां भी उनसे बातचीत की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और छात्रों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। मंत्री के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।
‘जेन अल्फा’ अपने अधिकारों को लेकर कुछ ज्यादा ही जागरूक
वहां जाम में फंसे लोगों ने कहा कि ‘जेन अल्फा’ अपने अधिकारों को लेकर कुछ ज्यादा ही जागरूक हो गई है। लखनऊ में जेन अल्फा स्कूल ड्रेस में सड़क पर निकल आई। जाम लगाया, प्रदर्शन किया, पोस्टर लहराए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मंत्री जी ने समझाया तब जेन अल्फा शांत हुई। जेन अल्फा के प्रदर्शन का वीडियो वायरल है। राजधानी के बुद्धेश्वर चौराहे पर जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के बच्चों ने सड़क घेर कर प्रदर्शन किया। बच्चों का कहना था कि स्कूल में शिक्षकों की कमी है जिसके चलते वो पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं।
जेन अल्फा के प्रदर्शन के चलते बेहद व्यस्त रूट पर जाम लग गया। जाम में मंत्री असीम अरुण की गाड़ी भी फंस गई। मंत्री जी कन्नौज जा रहे थे। जेन अल्फा की जानकारी पाकर वो गाड़ी से उतरे। बच्चों के बीच गए। उनसे संवाद किया। उन्हें समझाकर स्कूल ले गए। स्कूल में बच्चों के साथ बैठकर बातचीत की और उनकी समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया।
