कहीं निरस्त तो कहीं डाइवर्ट... रूट बदलने से यूपी से मुंबई जाने वाली स्पेशल ट्रेन के यात्रियों का बढ़ा सिरदर्द
गोमतीनगर-बांद्रा स्पेशल ट्रेन के यात्रियों को एनटीईएस पर गलत जानकारी से परेशानी हो रही है। कानपुर पुल पर गर्डर बदलने के कारण ट्रेन का मार्ग सीतापुर-लख ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
एनटीईएस पर गोमतीनगर-बांद्रा स्पेशल की गलत जानकारी।
कानपुर पुल कार्य से ट्रेन का मार्ग बदला गया।
सीतापुर-लखीमपुर आरक्षण पर भी ट्रेन डायवर्ट दिख रही।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बांद्रा जाने वाली गोमतीनगर स्पेशल की गलत फीडिंग से यात्री परेशान हो रहे हैं। रेलवे ने इस ट्रेन का रूट बदल दिया है और परिवर्तित स्टेशन सीतापुर व लखीमपुर का रिजर्वेशन भी शुरू कर दिया है। रिजर्वेशन कराकर यात्री जब नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) पर ट्रेन की पोजीशन ले रहे हैं तो इन दोनों स्टेशनों पर ट्रेन को डाइवर्ट दिखाया जा रहा है।
रेलवे ने कानपुर गंगा नदी के पुल पर गर्डर बदलने के कारण ट्रेन 05033 गोमतीनगर-ब्रांद्रा स्पेशल का रूट बदल दिया है। इस रूट का संचालन अब कानपुर-कासगंज की जगह सीतापुर-लखीमपुर-मथुरा होकर किया जा रहा है। रेलवे ने इस रूट पर सीतापुर और लखीमपुर से ट्रेन का रिजर्वेशन तो शुरू कर दिया है लेकिन नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम परिवर्तित रूट को फीड नहीं कर सका है।
इस कारण यात्रियों को उनके स्टेशन पर ट्रेन के आने की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। ट्रेन 05033 स्पेशल का संचालन सप्ताह में एक दिन सोमवार को गोमतीनगर से और 05034 स्पेशल का मंगलवार को बांद्रा से होता है।
एनटीईएस पर 05034 स्पेशल का रूट तो मैलानी-लखीमपुर व सीतापुर होकर दिखाया जा रहा है। वहीं, 14 अप्रैल को गोमतीनगर से रवाना हुई 05033 स्पेशल का रूट डालीगंज से गंगापुर सिटी तक डाइवर्ट दिखाया गया।
रास्ते में लखीमपुर स्टेशन पर ट्रेन को निरस्त बताया जा रहा है। एनटीईएस पर 20 अप्रैल को भी लखीमपुर स्टेशन पर ट्रेन निरस्त की जानकारी दी जा रही है। यात्री राहुल पांडेय ने इसकी शिकायत दर्ज कराते हुए एनटीईएस पर ट्रेन के सीतापुर व लखीमपुर स्टेशन पर ठहराव करने का सुझाव भी दिया है।