Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    यूपी में सरकारी नौकरी की बहार! पुलिस में 26596 पदों पर होगी भर्ती, सिपाही-दारोगा बनने का सुनहरा मौका

    Updated: Thu, 27 Mar 2025 08:03 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छा मौका है। आरक्षी नागरिक पुलिस के 60244 पदों पर भर्ती के बाद अब 26596 और पदों पर भर्ती ...और पढ़ें

    यूपी में सरकारी नौकरी की बारिश! - जागरण ग्राफिक्स।
    यूपी में सरकारी नौकरी की बारिश! - जागरण ग्राफिक्स।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उप्र पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं को जल्द बड़ा अवसर मिलेगा। आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर भर्ती के बाद दारोगा, सिपाही व बंदी रक्षक के कुल 26,596 पदों पर और भर्तियां होंगी। डीजीपी मुख्यालय ने अलग-अलग पदों पर भर्ती का अधियाचन पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड को भेजा है।

    भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष/डीजी राजीव कृष्ण का कहना है कि अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में भर्तियों से जुड़ी विज्ञप्ति प्रकाशित किए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के आनलाइन आवेदन की तिथि घोषित की जाएगी। भर्ती की प्रक्रिया से जुड़ी सूचनाओं के लिए अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट का अवलोकन करते रहे।

    इन पदों पर होगी भर्ती

    भर्ती बोर्ड के अनुसार उपनिरीक्षक के कुल 4,534 पदों पर भर्ती का अधियाचन प्राप्त हुआ है। इनमें उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 4,242 पद, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस (महिला) (पीएसी) बदायूं/गोरखपुर/लखनऊ के 106 पद, प्लाटून कमांडर/उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस के 135 पद व उपनिरीक्ष/कप्लाटून कमांडर विशेष सुरक्षा बल के 60 पद शामिल हैं।

    आरक्षी के कुल 19,220 पदों पर भर्ती का अधियाचन भेजा गया है। इनमें आरक्षी पीएसी के 9,837 पद, आरक्षी उप्र विशेष सुरक्षा बल के 1,341 पद, आरक्षी पीएसी महिला बदायूं/गोरखपुर/लखनऊ (महिला बटालियन) के 2,282 पद, आरक्षी नागरिक पुलिस के 3,245 पद, आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस के 2,444 पद व आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71 पद शामिल हैं।

    खबरें और भी

    इनके अलावा कारागार विभाग में 2,833 पदों पर बंदी रक्षकों की भर्ती भी होगी। कारागार मुख्यालय से प्राप्त अधियाचन के अाधार पर बंदी रक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में शुरू होगी।

    इको क्लब की मदद से छात्र पढ़ेंगे पर्यावरण संरक्षण का पाठ

    परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में छात्रों को इको क्लब आफ मिशन लाइफ की मदद से पर्यावरण संरक्षण का पाठ पढ़ाया जाएगा। पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा में इस क्लब का गठन कर हर सप्ताह गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

    ग्लोब वार्मिंग के खतरे के बारे में लोगों को बताया जाएगा और क्लब के माध्यम से पौधरोपण भी किया जाएगा। स्कूली शिक्षा महानिदेशालय की ओर से सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वह इको क्लब का गठन करें। विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को एक कक्षा इको क्लब से संबंधित गतिविधियों के लिए आयोजित की जाए।

    क्लब के अध्यक्ष व सदस्यों के मार्गदर्शन के लिए एक शिक्षक को इसका प्रभारी बनाया जाए। किस तरह बढ़ते प्रदूषण और तापमान से बचाव के लिए विद्यालय व आसपास के क्षेत्र में हरियाली बढ़ाई जाए इसके लिए प्रयास किए जाएं।

    शहरी क्षेत्रों में पार्षद व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानों की मदद से स्कूल प्रबंधन समिति विभिन्न गतिविधियां समय-समय पर आयोजित करे। क्लब के सदस्य आसपास के क्षेत्र में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करें और उन्हें समझाएं कि अपने घर के आसपास एक पौधे का जीवन बचाने की वह जिम्मेदारी लें।

    पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहीं स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से समय-समय पर कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएं। प्रत्येक विद्यालय को एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए सत्र में इस क्लब का गठन प्रेरणा पोर्टल पर आनलाइन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।