अबू धाबी से लखनऊ आ रही फ्लाइट में यात्री ने की सिगरेट जलाने की कोशिश, मची अफरातफरी
अबू धाबी से लखनऊ आ रही इंडिगो फ्लाइट में एक यात्री ने सिगरेट जलाने का प्रयास किया, जिससे विमान में हड़कंप मच गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
अबू धाबी-लखनऊ फ्लाइट में यात्री ने सिगरेट जलाने का प्रयास किया।
क्रू स्टाफ ने रोका, लखनऊ में सीआईएसएफ ने पुलिस को सौंपा।
यात्री ने माफी मांगी, औपचारिकताएं पूरी कर उसे छोड़ा गया।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। विमान में सिगरेट जलाने का प्रयास करने वाले एक यात्री के कारण कई यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। क्रू स्टाफ के मना करने पर यात्री ने सिगरेट को बुझा दिया।
विमान लखनऊ पहुंचा तो यात्री को सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया। सीआईएसएफ ने यात्री को सरोजनीनगर पुलिस को सौंप दिया। आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के सिरवान का रहने वाला अब्दुल अजीज अबूधाबी में मजदूरी करता है।
वह अबूधाबी से इंडिगो एयरलाइन के विमान 6ई-1416 से रात 1:25 बजे रवाना हुआ था। सफर के दौरान ही अब्दुल अजीज अपनी सीट पर बैठकर सिगरेट जलाने लगा। इसे देख विमान के भीतर हड़कंप मच गया। इंडिगो एयरलाइन के क्रू स्टाफ ने यात्री को सिगरेट पीने से मना किया।
यात्री को किया गया पुलिस के हवाले
इस पर यात्री ने सिगरेट को बुझा दिया। सुबह सात बजे की जगह विमान 8:25 बजे लखनऊ पहुंचा। यहां इंडिगो एयरलाइन के कर्मचारियों ने इसकी सूचना सीआईएसएफ को दी। सीआईएसएफ ने अब्दुल अजीज को हिरासत में लेकर पूछताछ कर उसे सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया।
इंडिगो सिक्योरिटी इंचार्ज आदित्य शर्मा ने अब्दुल अजीज के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि जांच में पता चला कि यात्री विमान के भीतर सिगरेट पीने के लिए उसे जलाने वाला था इसी बीच क्रू मेंबर ने उसे रोक दिया।
उसने सिगरेट नहीं पी थी। यात्री ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी । माफीनामा लिखवाने के साथ संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर यात्री को छोड़ दिया गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी के सरकारी अस्पतालों में मुफ्त होगी स्वाइन फ्लू की जांच, योगी सरकार का फैसला
