लखनऊ : गोमती नगर विस्तार में LDA का चाबुक, 10 बिल्डरों के अवैध निर्माण सील
एलडीए ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में शमन मानचित्र स्वीकृत कराने में टालमटोल करने वाले बिल्डरों के 10 अवैध निर्माणों को सील किया। यह कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर हुई, जिसमें आवासीय भू-उपयोग में चल रहे कार वर्कशॉप और अपार्टमेंट भी शामिल हैं।

HighLights
एलडीए ने गोमती नगर विस्तार में 10 अवैध निर्माण सील किए।
शमन मानचित्र प्रक्रिया में देरी करने वाले बिल्डरों पर हुई कार्रवाई।
आवासीय क्षेत्रों में चल रहे कार वर्कशॉप, अपार्टमेंट भी सील।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी में शमन मानचित्र स्वीकृत कराने में टालमटोल करने वाले बिल्डरों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। शुक्रवार को एलडीए ने गोमती नगर विस्तार में अभियान चलाकर ऐसे बिल्डरों के 10 अवैध निर्माणों को फिर सील किया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-एक की टीम ने किया।
प्रवर्तन जोन-एक के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्यवाही शुरू होने पर कुछ बिल्डर शमन मानचित्र के लिए आनलाइन आवेदन तो कर देते हैं, लेकिन उसके बाद आगे की प्रक्रिया में किसी भी तरह की दिलचस्पी नहीं दिखाते और जानबूझकर प्रक्रिया को लंबित रखते हैं। उपाध्यक्ष ने ऐसे भवन स्वामियों के अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया हैं।
खरगापुर में अभियान चलाया
इसके अनुपालन में शुक्र्रवार को गोमती नगर विस्तार के सेक्टर एक, चार, पांच, छह व खरगापुर में अभियान चलाया गया। इस दौरान नरेन्द्र अग्रहरि, मनीष सिंह, सुधा सिंह, जितेन्द्र सिंह, मानस मिश्रा, मयंक गुप्ता, जयंत यादव, सुनील कुमार जायसवाल, सुनीता सिंह, जितेन्द्र कुमार शुक्ला व अन्य द्वारा किये जा रहे 10 अवैध निर्माणों को फिर सील किया गया।
यह भी पढ़ें- यूपी में वेटनरी फार्मासिस्ट और JE के 1442 पदों पर जल्द भर्ती परीक्षा, PET-2025 से अभ्यर्थी होंगे शॉर्टलिस्ट
जोनल अधिकारी ने बताया, जिन अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई है, उनमें आवासीय भू-उपयोग में संचालित कार वर्कशाप, अपार्टमेंट, व्यावसायिक कांप्लेक्स समेत अन्य भवन शामिल हैं।

