लखनऊ में विस्थापितों को मकान मिलने के बाद शुरू होगा भरवारा ROB का काम; 126.86 करोड़ से 4 लाख की आबादी को मिलेगा लाभ
भरवारा रेलवे ओवर ब्रिज का रास्ता साफ हो गया है, जिसमें 35 विस्थापित परिवारों को मुआवजे के साथ मकान मिलेगा। यह वाई-शेप आरओबी 126.86 करोड़ रुपये की लागत ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
35 विस्थापित परिवारों को मुआवजे के साथ मिलेंगे मकान।
भरवारा आरओबी निर्माण 2027 में शुरू होकर 2029 तक पूरा।
126.86 करोड़ की लागत से बनेगा वाई-शेप आरओबी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। पिछले डेढ़ साल से भरवारा रेलवे क्रासिंग पर बनने वाले रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का रास्ता साफ हो गया। आरओबी की जद में आने वाले 80 लोगों में 35 विस्थापित परिवारों को प्रशासन मुआवजे के साथ ही पचास वर्ग मीटर का मकान देगा।
शेष लोगों को मुआवजा दिया जाएगा। इस प्रकिया में छह माह का समय लगेगा लेकिन आरओबी वर्ष 2027 से बनना शुरू हो जाएगा। आरओबी बनने से चार लाख से अधिक आबादी को जहां राहत मिलेगी, वहीं कनेक्टिविटी के मामले में यह मार्ग भी बेहतर हो जाएगा। वाई शेप के बनने वाले आरओबी पर उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम 126.86 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
रुक गया था आरओबी से जुड़ा काम
मामला न्यायालय में जाने के बाद भरवारा आरओबी से जुड़ा काम रुका था। अब न्यायालय के आदेश पर लोगों में उम्मीद जागी है। आरओबी बनने के दौरान जिनके मकान, दुकान व अन्य संपत्तियां आ रही हैं, उनकी नाप जोख फिर से होगी। विस्थापितों की सूची प्रशासन के पास है लेकिन फिर से यह प्रकिया नए सिरे से अपनाई जाएगी।
भरवारा क्रासिंग संख्या 186 पर बनने वाले वाई शेप के आरओबी की कुल लंबाई 947.577 मीटर होगी। आरओबी की चौड़ाई 8.50 मीटर होगी। विराज खंड की तरफ 295.827 मीटर लंबा होगा।
यह भी पढ़ें- यूपी में 15 अगस्त से पहले e-KYC कराना जरूरी, वरना तीन गुना महंगे दाम पर मिलेगा LPG सिलिंडर
लोयला स्कूल की तरफ 288.799 मीटर, छोटा भरवारा की तरफ 299.551 मीटर और रेलवे भाग की लंबाई 63.40 मीटर होगी। अगर मार्च 2027 में निर्माण कार्य शुरू होता है तो मार्च 2029 तक यह बनकर तैयार हो जाएगा।
| एक नजर: भरवारा आरओबी - 186 | |
|---|---|
| पहुंच मार्ग की लागत | ₹37.46 करोड़ |
| यूटिलिटी शिफ्टिंग की लागत | ₹3.40 करोड़ |
| भूमि अध्याप्ति | ₹65.00 करोड़ |
| रेलवे भाग की लागत | ₹21.00 करोड़ |
| कुल लागत | ₹126.86 करोड़ |