Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लखनऊ में बहन की शादी का कार्ड बांट रहे बड़े भाई की सड़क हादसे में मौत, छोटा भाई और मित्र घायल

    Updated: Sat, 18 Apr 2026 07:21 PM (IST)

    लखनऊ के मलिहाबाद में बहन की शादी के कार्ड बांटने निकले युवक परमेश्वर की सड़क हादसे में मौत हो गई। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. बहन की शादी के कार्ड बांटने निकले थे युवक।

    2. तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मारी।

    3. बड़े भाई की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल।

    संवाद सूत्र, मलिहाबाद (लखनऊ)। माल के शाहपुर गोडवा गांव निवासी युवक अपने भाई और दोस्त के साथ छोटी बहन की शादी का कार्ड बांटने निकला। वापसी के दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई। छोटे भाई और एक दोस्त की हालत नाजुक है। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

    गोडवा गांव निवासी 26 वर्षीय परमेश्वर की छोटी बहन रेशमा का 24 अप्रैल को तिलक और आगामी 29 अप्रैल को शादी है। पूरा परिवार शादी की तैयारी में लगा था। परेमश्वर चंडीगढ़ में मजदूरी करते थे और बहन की शादी के लिए हाल ही में घर लौटे थे।

    शुक्रवार की शाम वह छोटे भाई राम और मित्र रजनेश के साथ बैदानगर निवासी मौसी के घर शादी का कार्ड देकर लौट रहे थे। बहन को दहेज में जो बाइक देनी थी तीनों लोग उसी बाइक से निकले थे। बैदानगर पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगने से तीनों लोग छिटककर सड़क पर गिर गए।

    अधिक खून बहने से परमेश्वर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। छोटा भाई और मित्र को गंभीर चोटें आई। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत स्थिर है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सीसी फुटेज की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली का पता लगाया जा रहा है।

    सड़क पर बिखरे कार्ड, सदमे में परिवार

    घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद सड़क पर शादी के कार्ड बिखरे पड़े थे। लोगों को जब पता चला कि बहन की शादी के कार्ड बांट रहे भाई की मौत हुई है तो उन्होंने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ आक्रोश जताते हुए कार्रवाई की मांग की। हादसे की सूचना घर पहुंची तो बहन रेशमा बदहवास हो गई। परिवारजन ने किसी तरह उन्हें संभाला। घटना के बाद से शादी की खुशियां गम में बदल गई।

    खबरें और भी