भांजे से इश्क में सास को रोटी में जहर देकर उतारा मौत के घाट, बहू की करतूत से सब रह गए दंग
लखनऊ के काकोरी में एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास को रोटी में जहर देकर मार डाला। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही सास की हत्या का खुलासा तब हुआ जब ...और पढ़ें

HighLights
पति को बीमारी को बहाना बताकर शव दफनवा दिया, पति को हुआ था शक
शव कब्र से निकालने के लिए जिलाधिकारी से मांगी अनुमति, किया पत्राचार
काकोरी के इब्राहिमगंज गांव का मामला, मुकदमा दर्ज कर बहु व प्रेमी से पूछताछ
संवाद सूत्र, काकोरी। इब्राहिमगंज गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही सास 65 वर्षीय शांति देवी को रास्ते से हटाने के लिए बहू ने रोटी में जहर मिलाकर उनकी हत्या कर दी। पांच दिन पहले हुई इस घटना का राजफाश तब हुआ, जब परिवारनजन को सच्चाई का शक हुआ और सख्ती से पूछताछ में बहू ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। मामले में पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहन रोड स्थित इब्राहिमगंज गांव निवासी मनोज रावत की शादी करीब चार वर्ष पहले बंथरा के लाला खेड़ा गांव की शालिनी रावत से हुई थी। दंपती का तीन वर्षीय बेटा भी है।
मनोज के अनुसार, पिछले दो महीनों से उसकी पत्नी का उसके ही भांजे करन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले उसने पत्नी को फोन पर बातचीत करते हुए पकड़ लिया था, जिसके बाद घर में विवाद भी हुआ था। आरोप है कि इसी प्रेम संबंध में बाधा बन रही सास शांति देवी को रास्ते से हटाने के लिए शालिनी ने पांच अप्रैल की रात खाने में जहर मिला दिया। खाना खाने के बाद शांति देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान छह अप्रैल को उनकी मौत हो गई।
परिवार ने बिना किसी शक के उसी दिन गांव में अंतिम संस्कार भी कर दिया। घटना ने मोड़ तब लिया, जब नौ अप्रैल को परिवार के ही नाबालिग सदस्य ने बताया कि शालिनी ने कुछ दिन पहले कीटनाशक की दुकान से जहरीली दवा मंगाई थी। इस सूचना के बाद मनोज को शक हुआ और उसने पत्नी से पूछताछ की, लेकिन वह लगातार इनकार करती रही। इसी बीच घर में तलाश के दौरान मनोज को कमरे में रखी मौरंग में मां द्वारा खाई गई बची हुई रोटी मिली, जो जहर के कारण काली पड़ चुकी थी।
रोटी को सबूत के तौर पर सामने रखने और परिजनों की कड़ी पूछताछ के बाद आखिरकार शालिनी टूट गई और उसने सास को जहर देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद मनोज ने काकोरी थाने में पत्नी शालिनी और भांजे करन के खिलाफ तहरीर दी।
खबरें और भी
परिवारजन का आरोप है कि शालिनी पूरे परिवार को रास्ते से हटाने की योजना बना रही थी, ताकि वह अपने प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू कर सके। ससुर दीरगज रावत ने बताया कि इससे पहले भी शालिनी ने चाय में जहर मिलाकर सास को देने की कोशिश की थी, लेकिन शक होने पर उन्होंने चाय पीने से मना कर दिया था।
इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं। संदिग्ध रोटी को कब्जे में ले लिया गया है। शव को छह अप्रैल को दफनाया गया था, जिसे मजिस्ट्रेट की अनुमति के बाद निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।