लखनऊ में आग लगने से चार दुकानें जली, डीसीएम भी जलकर राख
सरोजनी नगर के मुंशी खेड़ा में बुधवार तड़के एक चाय की दुकान में आग लग गई। आग तेजी से फैलकर आसपास की तीन अन्य दुकानों और एक डीसीएम वाहन को भी अपनी चपेट म ...और पढ़ें

मुंशीखेड़ा में आग लगने से जलती दुकानें। जागरण
HighLights
मुंशी खेड़ा में चाय की दुकान से शुरू हुई आग।
चार दुकानें और एक डीसीएम वाहन पूरी तरह जले।
दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर पाया काबू।
संवाद सूत्र, सरोजनी नगर (लखनऊ। ट्रांसपोर्ट नगर के मुंशी खेड़ा में पानी की टंकी के पास बुधवार तड़के अज्ञात कारणों के चलते एक चाय की दुकान में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने आसपास की अन्य दुकानों को चपेट में ले लिया। घटना में सड़क किनारे बनी चार दुकानें पूरी तरह जल गई। एक डीसीएम भी आग की चपेट में आने से जल गया है। दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
मुंशी खेड़ा इलाके में बिहार निवासी प्रद्युम्न शाह की इंद्रासन टी स्टाल नाम से दुकान है। उनके बगल में ऐशबाग निवासी कामता प्रसाद की चाय दुकान है। कामता प्रसाद ने बताया कि तड़के लगभग तीन बजे वह दुकान में सो रहे थे। तेज गर्माहट महसूस हुई तो वह बाहर निकले। बगल में मौजूद इंद्रासन टी स्टाल बुरी तरह जल रहा था।
दुकान से आग की तेज लपटें उठ रही थी। वह शोर मचाते हुए बाहर भागे और आसपास के लोगों को जानकारी दी। कुछ ही देर में आग उनकी दुकान तक पहुंच गई। इसके बाद मोहम्मद नासिर की टायर पंचर दुकान और सब्बू के मोटर गैराज को आग ने चपेट में ले लिया। चारों दुकाने तेज जलने लगी। नासिर के भाई खुर्शीद आलम ने सूचना दमकल को दी।
मौके पर सरोजनी नगर और आलमबाग फायर स्टेशन से पहुंची तीन गाड़ियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सरोजनी नगर फायर स्टेशन प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने से दुकानें और डीसीएम जल गया है। आग के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।