लखनऊ को बड़ी सौगात, 2476 करोड़ की परियोजनाएं मंजूर; फुट ओवरब्रिज से जुड़ेंगे बापू-लोक और विधान भवन
लखनऊ में 2476 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिसमें बापू भवन-लोक भवन-विधान भवन को जोड़ने वाला फुट ओवरब्रिज शामिल है। इनमें ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
बापू भवन-लोक भवन-विधान भवन को जोड़ेगा फुट ओवरब्रिज।
2476 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी।
मल्टी-लेवल पार्किंग, लाइब्रेरी, ड्रेनेज सिस्टम भी होंगे विकसित।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। शहीद पथ पर लुलु माल के पास फुट ओवर ब्रिज स्वीकृत करने के बाद अब एलडीए बापू भवन-लोक भवन-विधान भवन को जोड़ने के लिए फुट ओवर ब्रिज बनाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना पर 43.33 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें एस्केलेटर सहित अन्य अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इस निर्माण से अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सचिवालय जाने वालों को सड़क पार करने में आसानी होगी।
यह प्रोजेक्ट एलडीए की 2476 करोड़ रुपये से अधिक लागत की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है, जिसे मंगलवार देर रात मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक में स्वीकृति मिली। शहर की योजनाओं के लिए अर्बन चैलेंज फंड से भी बजट उपलब्ध कराया जाएगा। शहर में लगातार बढ़ते वाहनों और पार्किंग संकट को देखते हुए तीन स्थानों पर आधुनिक पार्किंग परियोजना मंजूरी हुई है।
विवेक खंड में 47.50 करोड़, अंबेडकर पार्क के सामने 49.63 करोड़ और सीजी सिटी की फाइन डाइन स्ट्रीट पर 58.17 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण होगा। इन परियोजनाओं से गोमतीनगर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध पार्किंग व यातायात जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
58.78 करोड़ से बनेगी आधुनिक सार्वजनिक लाइब्रेरी
शहरी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पत्रकारपुरम के पास 67 करोड़ रुपये से अर्बन स्ट्रीट डेवलपमेंट परियोजना व इकाना स्टेडियम क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए 55 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। हनुमान सेतु के पास 58.78 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सार्वजनिक लाइब्रेरी बनाई जाएगी।
खबरें और भी
इसी तरह कैलाश कुंज के पुनर्विकास पर 269.75 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कानपुर रोड स्थित एमडीए कालोनी के सेक्टर-जी में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 200 करोड़ रुपये की लागत से आवासीय पुनर्विकास परियोजना शुरू होंगी।
वरुण विहार आवासीय योजना पर सबसे बड़ा निवेश
बैठक में सबसे बड़ी मंजूरी वरुण विहार परियोजना को मिली। इस क्षेत्र के समग्र विकास पर 1001.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। परियोजना के तहत सड़क, सीवर, पेयजल, हरित क्षेत्र और अन्य आधुनिक शहरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया इन परियोजनाओं के लागू होने से राजधानी में यातायात व्यवस्था, पार्किंग, आवास, जल निकासी व सार्वजनिक सुविधाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद है।
अर्बन चैलेंज फंड से वित्तपोषित ये योजनाएं न केवल शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, बल्कि लखनऊ को आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में भी अहम कदम साबित होंगी।